साइकिल छीनने का विरोध करने पर नौ वर्षीय छात्र के सीने में घोंपी कैंची, ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंपा
जख्मी छात्र | Prabhat Khabar Network
कुढ़नी में एक नशेड़ी ने साइकिल छीनने का विरोध करने पर चौथी कक्षा के छात्र के सीने में कैंची घोंप दी। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी से अजय कुमार की रिपोर्ट
आपके शहर में
छात्र हमला मुजफ्फरपुर: जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत फकुली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई है. एक नशेड़ी युवक ने साइकिल छीनने का विरोध करने पर चौथी कक्षा के नौ वर्षीय छात्र के सीने में कैंची घोंप दी. गंभीर रूप से घायल छात्र सूर्यनारायण झा को परिजनों ने आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है. घायल छात्र दामोदरपुर निवासी भास्कर झा का पुत्र है.
साइकिल छीनने का विरोध करने पर किया जानलेवा हमला
जानकारी के मुताबिक सूर्यनारायण अपने दादा प्रमोद झा को पदमौल से बुलाने के लिए घर से साइकिल पर सवार होकर निकला था. रास्ते में स्थानीय निवासी अमृत सहनी ने उसे रोक लिया और जबरन साइकिल छीनने की कोशिश की.
- हमले का क्रम: छात्र द्वारा विरोध जताने पर आरोपी ने पहले उसके सिर पर घूंसे से वार किया.
- कैंची से वार: जब छात्र ने साइकिल नहीं छोड़ी तो आरोपी ने जेब से कैंची निकालकर सीधे उसके सीने में घोंप दी.
- छात्र लहूलुहान: सीने में कैंची लगते ही मासूम छात्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा.
ग्रामीणों ने आरोपी को खदेड़कर पकड़ा, पुलिस को सौंपा
घटना को अंजाम देकर आरोपी अमृत सहनी साइकिल लेकर अपने घर की ओर भाग रहा था. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और फकुली थाना के हवाले कर दिया. पुलिस ने पिटाई से जख्मी आरोपी का भी प्राथमिक उपचार कराया है. फकुली थानाध्यक्ष विष्णुकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी पुलिस हिरासत में है और परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: हाजीपुर जोन की एसआईजी टीम ने मुजफ्फरपुर जंक्शन की परखीं यात्री सुविधाएं, दिए जरूरी निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए