मुजफ्फरपुर: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर छात्रा का अश्लील वीडियो किया वायरल, केस दर्ज
छात्रा का अश्लील वीडियो किया वायरल, केस दर्ज
Social Media Blackmailing News: मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद छात्रा को ब्लैकमेल कर अश्लील वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है. पैसे न देने पर मोतीपुर के आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया, साइबर थाने में केस दर्ज.
Social Media Blackmailing News: मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा को सोशल मीडिया पर प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने और उसकी मर्यादा को ठेस पहुंचाते हुए अश्लील वीडियो वायरल करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. साइबर अपराधियों और ब्लैकमेलरों के बढ़ते हौसले का शिकार हुई पीड़िता ने इस संबंध में मुजफ्फरपुर साइबर थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है.
सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर आत्महत्या की धमकी देकर जाल में फंसाया
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की जान-पहचान करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से मोतीपुर थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी. शुरुआती दिनों में आरोपी ने युवती को अपने झांसे में लिया और शादी करने की इच्छा जताई. जब युवती को उसकी नीयत पर शक हुआ और उसने बात करने से मना किया, तो आरोपी ने खुद को नुकसान पहुँचाने व आत्महत्या करने की धमकी देकर उस पर बातचीत का दबाव बनाया. आरोपी के लगातार दबाव और झूठे आश्वासनों के कारण युवती उसके बहकावे में आ गई.
वीडियो हाथ लगते ही बदला रंग, रुपयों की मांग पूरी न होने पर किया वायरल
इसी बीच, आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर और फिर से डरा-धमकाकर उसका एक निजी वीडियो हासिल कर लिया. वीडियो हाथ में आते ही आरोपी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया और ब्लैकमेलिंग पर उतर आया. कुछ दिनों पहले उसने पीड़िता से मोटी रकम की मांग की. जब पीड़िता ने पैसे देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी दी. मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी ने उस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के मोहल्ले के लोगों और उसके परिचितों को भी वह वीडियो भेज दिया, जिससे युवती की सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर ठेस पहुँचीहै.
पैसा नहीं दी हो, अब भुगतो’ कहकर बंद किया फोन, पुलिस रेस
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस घिनौनी हरकत का विरोध करने के लिए आरोपी से संपर्क किया, तो उसने तंज कसते हुए कहा, “पैसा नहीं दी हो, अब भुगतो” और अपना फोन बंद कर लिया.पीड़िता ने बताया कि आरोपी वर्तमान में भी लगातार नई सोशल मीडिया आईडी बनाकर वीडियो अपलोड कर रहा है और पैसों की मांग कर भय का माहौल बना रहा है. साइबर थाना पुलिस तकनीकी सेल की मदद से आरोपी के आईपी एड्रेस और लोकेशन को ट्रैक कर उसे दबोचने के लिए छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










