मठ-मंदिरों की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर धार्मिक न्यास पर्षद सख्त, मंदिरों की आय से बनेंगे शिक्षण संस्थान
बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद मठ-मंदिरों की संपत्तियों पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा. अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन ने कहा कि मंदिरों की आय का उपयोग शिक्षा और सामाजिक विकास के लिए किया जाएगा.
Muzaffarpur News: बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन ने बुधवार को बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचकर सपत्नी बाबा का अभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की. पूजा के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य के मठ-मंदिरों की जमीन और धार्मिक न्यास की संपत्तियों पर किए गए अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शिकायत मिलने पर जमीन की जांच कराकर कब्जा मुक्त कराने के साथ दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मठ-मंदिरों की जमीन से हटेगा अवैध कब्जा
प्रो. रणवीर नंदन ने कहा कि धार्मिक न्यास की संपत्तियां धार्मिक संस्थाओं की धरोहर हैं. इन पर किसी व्यक्ति या संस्था का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा. राज्य के किसी भी हिस्से से शिकायत मिलने पर धार्मिक न्यास पर्षद संबंधित मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगा.
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के सहयोग से जमीन की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाएगी. अवैध कब्जे की पुष्टि होने पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
शिकायत मिलने पर तत्काल होगी कार्रवाई
धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष ने कहा कि मठ-मंदिरों की जमीन पर कब्जे से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं धार्मिक न्यास की संपत्ति पर अवैध कब्जे की जानकारी है तो इसकी शिकायत पर्षद तक पहुंचाएं, ताकि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
मंदिरों की आय से बनेंगे स्कूल-कॉलेज
प्रो. नंदन ने कहा कि जिन मंदिरों के पास पर्याप्त आय और संसाधन हैं, उनकी आमदनी का उपयोग व्यापक जनहित में किया जाएगा. मंदिरों की आय से स्कूल और कॉलेज बनाने की दिशा में पहल की जाएगी.
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक मूल्यों से जोड़ना है. जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलने के साथ धार्मिक संस्थान सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे.
शिक्षा के साथ संस्कार पर भी जोर
धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को शिक्षा के साथ संस्कार देना भी जरूरी है. शिक्षित और संस्कारवान युवा ही समाज और राष्ट्र को सही दिशा दे सकते हैं.
उन्होंने कहा कि मंदिरों की आय का सदुपयोग कर शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े कार्य किए जाने चाहिए, ताकि धार्मिक संस्थाओं की संपत्तियां व्यापक जनहित में उपयोग हो सकें.
मंदिरों की व्यवस्था सुधारने पर भी फोकस
प्रो. रणवीर नंदन ने कहा कि धार्मिक न्यास पर्षद मंदिरों की व्यवस्था सुधारने, उनकी संपत्तियों को सुरक्षित रखने और उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम करेगा. मौके पर बाबा गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: 7 साल बाद पहली प्रेग्नेंसी, अचानक बिगड़ी हालत, सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर बचाई जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार दीपू
स्वास्थ्य, राजनीति, समाज और समसामयिक विषयों पर दीपू रिपोर्टिंग करते हैं. इन्हें पत्रकारिता में 16 साल का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








