Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने स्कूटी सवार शिक्षिका को रौंदा, मौत
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 11 May 2026 9:56 PM
मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर के सकरी सरैया चौक पर ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार सरकारी शिक्षिका ऋचा की मौत हो गई. वह अपने पति के साथ बाजार से लौट रही थीं. पुलिस ने ट्रक जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है...
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के तुर्की थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी सरैया चौक पर सोमवार की रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार शिक्षिका को जोरदार ठोकर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में शिक्षिका ऋचा (35 वर्ष) की मौत हो गई. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा.
सामान खरीद कर लौट रही थीं शिक्षिका
मृतक ऋचा मूल रूप से सीतामढ़ी जिले की रहने वाली थीं और छाजन हरिराय टोला स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं. उनके पति मो. अफजल सकरी स्थित एक वाहन शोरूम में गार्ड की नौकरी करते हैं. दोनों पति-पत्नी सकरी में ही किराए के मकान में रहते थे. सोमवार की रात वे अपने पति के साथ स्कूटी से चौक पर खरीदारी करने गई थीं. वापस लौटने के दौरान सड़क पार करते समय पटना की ओर जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय समाजसेवी रामबाबू यादव ने तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर बाल-बाल बचे पति की मदद की और गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, चोट अधिक गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने ट्रक को किया जब्त
सूचना मिलते ही तुर्की थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. इस घटना के बाद शिक्षिका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
मुजफ्फरपुर कुढ़नी से अजय कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










