Muzaffarpur News: पति-पत्नी और ''वो'' के चक्कर में हाइवोल्टेज ड्रामा, प्रेमी संग गयी पत्नी

प्रेमी संग गयी पत्नी
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाने में पति, पत्नी और प्रेमी के बीच घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा चला.पुलिस काउंसलिंग के बावजूद महिला पति और छह साल की बेटी को छोड़ प्रेमी के साथ चली गई...
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जीला के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में मंगलवार को ”पति, पत्नी और वो” के बीच करीब दो घंटे तक हाइवोल्टेज ड्रामा चला. दांपत्य के सात फेरे और छह साल के रिश्ते पर प्रेम का नशा भारी पड़ा. पुलिस की तमाम काउंसलिंग के बाद भी महिला अपने पति के साथ रहने को तैयार नहीं हुई और अंत में अपनी छह साल की मासूम बेटी और पति को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई. बेबस पति वाराणसी से मुजफ्फरपुर तक अपनी गृहस्थी बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन अंत में उसे खाली हाथ वापस लौटना पड़ा.
वाराणसी के रहने वाले युवक की थी शादी
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के रहने वाले युवक की शादी वर्ष 2019 में हुई थी. दोनों की एक छह साल की बेटी भी है. युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी बीते एक मई को अचानक घर से गायब हो गई थी. काफी खोजबीन के बाद उसे जानकारी मिली कि पत्नी मुजफ्फरपुर में अपने एक सहकर्मी मनीष के साथ रह रही है. सूचना मिलते ही पति मुजफ्फरपुर पहुंचा और पुलिस से मदद मांगी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर के एक होटल से महिला को उसके प्रेमी के साथ बरामद किया.
थाने में घंटों तक बहस
थाने में घंटों तक तीनों पक्षों के बीच बहस होती रही. पुलिस ने महिला को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई. महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उसने घर छोड़ा है. उसने लिखित शिकायत देते हुए स्पष्ट किया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहना चाहती है.
बेबस पिता को सता रही बेटी की चिंता
इधर, पति ने भावुक होते हुए कहा कि यदि पत्नी साथ नहीं रहना चाहती तो वह उसे नहीं रोकेंगे, लेकिन उन्हें अपनी मासूम बेटी के भविष्य की चिंता सता रही है.काजीमोहम्मदपुर थानेदार चंद्रभूषण कुमार सिंह ने बताया कि महिला बालिग है और स्वेच्छा से प्रेमी के साथ जाना चाहती है. पुलिस ने तीनों पक्षों का लिखित बयान दर्ज करने के बाद उन्हें जाने की अनुमति दे दी. इसके बाद महिला प्रेमी के साथ रवाना हो गई और पति वापस वाराणसी लौट गया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










