मुजफ्फरपुर : दिघरा चौक के पास भीषण सड़क हादसा, खड़ी ट्रक में घुसी पिकअप, मौत
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 28 May 2026 2:21 PM
प्रतीकात्मक फोटो
Muzaffarpur News: दिघरा चौक के पास दूध लदी पिकअप ने खड़ी ट्रक में टक्कर मार दी. हादसे में खलासी राजकुमार की मौत हो गई, जबकि चालक चाचा घायल है. झपकी आने के कारण हुए हादसे के बाद परिजनों ने हंगामा किया. पढ़ें पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: दिघारा-नारायणपुर रोड में दिघरा चौक के समीप अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में दूध लोड पिकअप वैन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में पिकअप वैन के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना की सूचना मिलते ही कच्ची पक्की ओपी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची.
मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों का हंगामा
घटना के बाद मृतक के परिजनों को जैसे ही इसकी भनक लगी, वे रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित परिजनों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर हंगामा किया और बवाल काटा. इसके बाद स्थानीय सरपंच चंदन कुमार और मौके पर मौजूद पुलिस बल ने सूझबूझ से काम लिया. परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत मदद का आश्वासन देकर समझा-बुझाकर शांत कराया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया.
झपकी आने की वजह से हुआ हादसा
मृतक की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कंठ सुस्ता निवासी राजकुमार (२५ वर्ष) के रूप में की गई है. वहीं, इस हादसे में जख्मी चालक कोई और नहीं बल्कि मृतक का सगा चाचा है. बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना चालक को अचानक झपकी आ जाने की वजह से हुई. घटना के वक्त पिकअप वैन बेला इंडस्ट्रियल एरिया से दूध लोड करके मनियारी की तरफ जा रही थी, इसी दौरान दिघरा चौक के पास अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक से टकरा गई.
पिकअप के केबिन में फंसा था शव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. केबिन पिचक जाने के कारण खलासी राजकुमार का शव उसी में फंस गया था. जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने तुरंत जख्मी चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वहीं, केबिन में फंसे खलासी के शव को काफी मशक्कत के बाद गाड़ी का शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










