मुजफ्फरपुर: फ्लिपकार्ट गोदाम डकैती और मर्डर केस का इनामी बदमाश जंक्शन से गिरफ्तार
फ्लिपकार्ट गोदाम डकैती और मर्डर केस का इनामी बदमाश जंक्शन से गिरफ्तार
Muzaffarpur Flipkart Loot Case STF Action:मुजफ्फरपुर फ्लिपकार्ट गोदाम डकैती और मर्डर केस का 25 हजार का इनामी अपराधी बसंत गुजरात से लौटते ही जंक्शन से गिरफ्तार. सायरन बजने पर कर्मी प्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दीया था.
मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur Flipkart Loot Case STF Action: मुजफ्फरपुर पुलिस और एसटीएफ (STF) की टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. सदर थाना क्षेत्र के खबरा में हुए बहुचर्चित फ्लिपकार्ट गोदाम हत्या और डाका कांड में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी नन्हकी उर्फ बसंत के रूप में हुई है. बसंत मुजफ्फरपुर जिले के टॉप-10 फरार अपराधियों की सूची में शामिल था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था.
गुजरात से लौटते ही एसटीएफ ने जंक्शन के बाहर से दबोचा
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इनामी अपराधी बसंत गुजरात में अपना ठिकाना बदलने के बाद वापस मुजफ्फरपुर लौट रहा है. इस इनपुट के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर के बाहर तगड़ी घेराबंदी की. जैसे ही बसंत जंक्शन से बाहर निकला, पहले से मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया. पुलिस अब उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उसके मददगारों का पता लगाया जा सके.
गोदाम में सायरन बजने पर कर्मी प्रकाश की कर दी थी हत्या
यह पूरी वारदात 20 जनवरी 2025 की है. सदर थाना क्षेत्र के खबड़ा स्थित फ्लिपकार्ट गोदाम में रात करीब 9:15 बजे 9 से 10 की संख्या में हथियारबंद अपराधी दाखिल हुए थे. अपराधियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट की और मोबाइल समेत नकदी लूटने लगे. अपराधियों ने करीब 4 लाख 95 हजार रुपये लूट लिए थे. इसी दौरान लॉकर से रुपये निकालने के क्रम में गोदाम का सुरक्षा सायरन बज गया. सायरन की आवाज से घबराए अपराधियों में से एक ने फ्लिपकार्ट कर्मी प्रकाश कुमार को गोली मार दी. मनियारी थाना क्षेत्र के सिलौत वासुदेव गांव निवासी प्रकाश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
इस सनसनीखेज कांड को लेकर मृतक के बड़े भाई विकास कुमार मिश्रा ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. घटना के बाद से ही मुख्य आरोपियों में शामिल बसंत दिल्ली, गुजरात जैसे अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रहा था. सदर थाना पुलिस का कहना है कि बसंत की गिरफ्तारी इस मामले में एक बड़ी सफलता है. उसकी निशानदेही पर इस कांड में शामिल गिरोह के अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










