औराई में लूट: स्वर्ण व्यवसायी को मारी गोली, रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हुए अपराधी

Updated:
विज्ञापन
गोली चलने की सांकेतिक तस्वीर

गोली चलने की सांकेतिक तस्वीर

औराई थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी बबलू कुमार को अपराधियों ने गोली मारकर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए. दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी पर दो बार हुई फायरिंग. घायल का इलाज जारी, पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी.

विज्ञापन

औराई में लूट: जिले के औराई थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने व्यवसायी से बैग छीनने के दौरान फायरिंग की, जिसमें एक गोली उन्हें लग गई. इसके बाद अपराधी बैग में रखे करीब एक से डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हो गए. घायल व्यवसायी का इलाज श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में चल रहा है. घटना के बाद इलाके के स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.

दुकान बंद कर लौट रहा था घर

घायल की पहचान महिसौथा निवासी स्वर्ण व्यवसायी बबलू कुमार उर्फ बबलू साह के रूप में हुई है. बताया गया कि वह शुक्रवार रात करीब आठ बजे अपनी सोना-चांदी की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे.

पहले पीछा किया, फिर रास्ते में घेर लिया

जानकारी के अनुसार रास्ते में दो संदिग्ध युवकों ने उनका पीछा किया और एक स्थान पर रोककर बैग के बारे में पूछताछ की. व्यवसायी ने बैग में कुछ नहीं होने की बात कही तो दोनों ने उन्हें जाने दिया. हालांकि कुछ दूर आगे बढ़ते ही सामने से बाइक सवार अन्य बदमाश पहुंच गए और उन्हें चारों ओर से घेर लिया.

विरोध करने पर चला दी गोली

अपराधियों ने व्यवसायी से बैग छीनने का प्रयास किया. इस दौरान बैग का स्ट्रैप टूट गया. बदमाशों ने पिस्टल निकाल ली तो जान बचाने के लिए बबलू कुमार अपनी बाइक छोड़कर भागने लगे. इसी दौरान अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की. पहली गोली निशाने से चूक गई, जबकि दूसरी गोली व्यवसायी को लग गई. गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े.

डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार

गोली लगने के बाद बदमाश बैग में रखे करीब एक से डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यवसायी को इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है.

अपराधियों की तलाश में छापेमारी

पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. मामले में विभिन्न बिंदुओं पर जांच चल रही है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

यह भी पढे़ं: एटीएम में चिप लगाकर हाईटेक ठगी, मशीन में फंसा देता था पैसा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार


विज्ञापन
Premanshu Shekhar

लेखक के बारे में

By Premanshu Shekhar

I have 16 years of journalism experience, working as a Bureau Chief at Prabhat Khabar muzaffarpur. My writing focuses on crime,political, social, and current topics.I have experience covering assembly and parliamentary elections reporting.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन