Panchayat Divas: डीएम कुमार गौरव ने अधिकारियों को दिए निर्देश, गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं विकास का लाभ

कुढ़नी में पंचायत विकास दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल डीएम व अन्य
Panchayat Divas: कुढ़नी प्रखंड की सकरी सरैया पंचायत में आयोजित पंचायत विकास दिवस में डीएम कुमार गौरव ने शिरकत की. उन्होंने जनसमस्याओं के निदान और ‘महिला हितैषी पंचायत’ थीम के तहत महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी से अजय कुमार की रिपोर्ट
Panchayat Divas: कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत सकरी सरैया पंचायत सरकार भवन में रविवार को पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया. इस विशेष कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मुख्य रूप से शिरकत की. उन्होंने सरकार द्वारा निर्धारित थीम “महिला हितैषी पंचायत” के मद्देनजर आम जनता और ग्रामीण विकास में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की. डीएम ने महिलाओं को हर क्षेत्र में प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया और कहा कि आधी आबादी के सहयोग के बिना गांवों का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है.
ग्रामीण विकास का महाअभियान है यह दिवस
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण विकास को नई गति देने तथा ग्राम पंचायतों को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनभागीदारी आधारित बनाने के उद्देश्य से “पंचायत विकास दिवस” की शुरुआत की गई है. उन्होंने जोर देकर कहा कि पंचायत विकास दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण विकास की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण महाअभियान है. इसके माध्यम से पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की जमीनी समीक्षा, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान तथा आगामी विकास कार्यों की ठोस रूपरेखा तैयार की जा रही है.
अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
डीएम ने बताया कि ग्राम सभा के जरिए पंचायत की आय-व्यय, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की स्थिति को सुधारा जा रहा है. इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन वितरण प्रणाली, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं को गति देना प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास का सीधा लाभ पहुंचाना है. कार्यक्रम में मुखिया बेबी कुमारी, मुखिया प्रतिनिधि श्रीकांत प्रसाद सहित जिले व प्रखंड के तमाम आला अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










