मुजफ्फरपुर कोर्ट से बेलसंड विधायक के भाई को बड़ी राहत: 7 मामलों में गिरफ्तारी पर लगी रोक
बेलसंड विधायक के भाई की फाइल फोटो
मुजफ्फरपुर कोर्ट ने जमीन कब्जा और धोखाधड़ी के मामलों में बेलसंड विधायक के भाई सोनू सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 14 सितंबर को होगी।
मुजफ्फरपुर कोर्ट जमानत: बाउंड्री तोड़ने से जुड़े सात अलग-अलग मामलों में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू के भाई सोनू सिंह उर्फ अभिनव कुमार को अदालत से बड़ी फौरी राहत मिली है. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने सोनू सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए पुलिस की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक (नो कोर्सिव स्टे) लगा दी है. अब इन सभी सात मामलों की सुनवाई के लिए पत्रावली जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-20 की अदालत में भेज दी गई है, जहां 14 सितंबर को अगली सुनवाई निर्धारित की गई है. इससे पहले भी सोनू सिंह को एक अन्य मामले में इसी प्रकार की राहत मिल चुकी है.
जमीन हड़पने के मामले में आरोपी कार्तिक ने भी लगाई अग्रिम जमानत अर्जी
दूसरी ओर, ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में महिला की सात डिसमिल जमीन धोखे से हड़पने के मामले में नामजद आरोपी कार्तिक कुमार ने भी अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है. अहियापुर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुरी निवासी कार्तिक की इस याचिका पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में 11 सितंबर को सुनवाई होगी.
विधायक और उनके भाई पर जमीन कब्जाने व प्रताड़ना का गंभीर आरोप
कृष्णाटोली निवासी पीड़िता आशा देवी ने ब्रह्मपुरा थाने में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू, उनके भाई सोनू कुमार, कार्तिक कुमार, राहुल ठाकुर और उज्ज्वल कुमार पाण्डेय के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पीड़िता ने आवेदन में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं:
- फर्जी केवाला और बाउंस चेक: पीड़िता का आरोप है कि 26 अगस्त 2022 को साजिश रचकर उनके पति रंजीत कुमार की सात डिसमिल जमीन का फर्जी केवाला करा लिया गया. भुगतान के तौर पर 35 लाख रुपये का चेक दिया गया, जो कभी बैंक में भुना ही नहीं.
- कमरों में तोड़फोड़ व बेनामी संपत्ति: विधायक पर षड्यंत्र रचकर बेनामी तरीके से जमीन अपने व करीबियों के नाम कराने का आरोप है. वहीं उनके भाई सोनू कुमार पर बने हुए घर के छह कमरों में तोड़फोड़ कर जबरन अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया गया है.
- इलाज के अभाव में पति की मौत: पीड़िता का कहना है कि ठगी और आर्थिक तंगी के कारण समय पर समुचित इलाज नहीं मिल पाने से 13 फरवरी 2026 को उनके पति रंजीत कुमार का निधन हो गया था.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए