Muzaffarpur: कांटी में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान लूटने की कोशिश, दुकानदार को पीटकर किया घायल

Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 12 Jun 2026 5:27 PM

विज्ञापन

मौके पर जुटी भीड़ और जांच में जुटी पुलिस टीम

मुजफ्फरपुर के कांटी स्थित आम्रपाली ज्वेलर्स में दिनदहाड़े चार हथियारबंद बदमाशों ने लूट का प्रयास किया. स्थानीय लोगों की सतर्कता से वारदात नाकाम हो गई. एक बदमाश पकड़ा गया, जबकि तीन फायरिंग करते हुए फरार हो गए. पढ़ें पूरी खबर..

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित आम्रपाली ज्वेलर्स में शुक्रवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया. हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले. इस दौरान एक बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए.

हथियार के बल पर लूटने पहुंचे थे बदमाश

जानकारी के अनुसार, दुकानदार धर्मेंद्र कुमार रोज की तरह ग्राहकों को जेवरात दिखा रहे थे. इसी दौरान चार बदमाश दुकान में घुसे और पिस्तौल निकालकर मौजूद लोगों को एक तरफ खड़ा रहने को कहा. बदमाशों ने दुकान में रखे जेवरात और सेफ खोलने की मांग की. दुकानदार ने बातचीत में उलझाकर समय बिताने की कोशिश की, जिससे बदमाश नाराज हो गए और उनकी पिटाई कर दी. मारपीट में धर्मेंद्र कुमार घायल हो गए.

शोर सुनकर जुटी भीड़, भागने लगे बदमाश

दुकान के अंदर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ और बड़ी संख्या में लोग दुकान के बाहर जमा होने लगे. बढ़ती भीड़ को देखकर बदमाश भागने लगे. बाहर निकलते ही स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया. इसी दौरान बदमाशों ने हथियार लहराते हुए लोगों को डराने की कोशिश की और मौके से भागने लगे.

एक बदमाश पकड़ाया, तीन फरार

स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया. आक्रोशित भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की. पुलिस ने घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल खाली खोखे भी बरामद किए हैं.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी, थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, दरोगा मुस्तकीम खान समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

पुलिस दुकानदार और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर लूटे गए सामान और रकम की जानकारी जुटा रही है. साथ ही फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. कांटी पुलिस के अलावा अन्य थानों की टीम भी जांच में जुटी हुई है.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन