मुजफ्फरपुर : बस स्टैंड में मोटी कमाई को लेकर कई बार गरज चुकी है एके-47

मुजफ्फरपुर : बैरिया बस स्टैंड से सालाना होने वाली मोटी कमाई को लेकर कई बार एके 47 गरज चुकी है. यहीं नहीं, वर्चस्व को लेकर पिछले सत्रह वर्ष से टकराहट जारी है. एक दशक पूर्व से अपराधी सरगनाओं ने वर्चस्व स्थापित करने के लिए यहां गोलियां बरसानी शुरू कर दी. इस संघर्ष में कई लोगों […]
मुजफ्फरपुर : बैरिया बस स्टैंड से सालाना होने वाली मोटी कमाई को लेकर कई बार एके 47 गरज चुकी है. यहीं नहीं, वर्चस्व को लेकर पिछले सत्रह वर्ष से टकराहट जारी है. एक दशक पूर्व से अपराधी सरगनाओं ने वर्चस्व स्थापित करने के लिए यहां गोलियां बरसानी शुरू कर दी. इस संघर्ष में कई लोगों को जान गंवानी पड़ी है.
वर्ष 1991 में बस स्टैंड के गेट नंबर दो पर बेगूसराय के एक दबंग बस ऑनर रामचंद्र सिंह के इंचार्ज महेंद्र सिंह की हत्या हुई थी. इसके एक वर्ष बाद ही बस इंचार्ज भाग्य नारायण सिंह पर गोलीबारी हुई. सदातपुर चौबे टोला निवासी अनिल चौबे पर एके-47 से गोली चली. उक्त घटना में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गये थे.
1999 में ऑटो चालक संघ के नेता मो अब्बास भी निशाना बने. पुराने मोतिहारी रोड में विरोधियों ने उनकी हत्या अत्याधुनिक हथियार से कर दी. इस घटना के बाद जम कर बवाल हुआ था. अब्बास की हत्या के बाद उसके भाई मो हारुण ने मोर्चा संभाला. वर्ष 2008 में अपराधियों ने मो हारुण की भी हत्या बैरिया गोलंबर पर बम मार कर कर दी.
2009 में गैंगस्टर रंजीत ठाकुर और 2013 में बस स्टैंड के एजेंट मुन्ना आजाद को जान गंवानी पड़ी. इन दोनों का क्षत-विक्षत शव दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास रेलवे लाइन से पुलिस ने बरामद किया था. दोनों के सिर में गोली मार हत्या की गयी थी.
हर बस से 60-100 रुपये की वसूली : बस स्टैंड से प्रतिदिन पांच सौ से अधिक बसें पटना, दिल्ली के अलावा सूबे के विभिन्न जिलों के लिए खुलती हैं. इंचार्ज को प्रति बस 60 से 100 रुपये कमीशन बस मालिक से मिलते हैं. अधिक बस कंपनी का इंचार्ज बनने की लालसा में टकराहट होती है.
डेढ़ साल से जारी था भीषण टकराव : बैरिया में एजेंट कुंदन सिंह के वर्चस्व जमाने के बाद बस स्टैंड में गोलीबारी का दौर कुछ साल के लिए थम गया था. इधर,डेढ़ साल पूर्व गैंगस्टर मुकेश पाठक के खास शागिर्द अविनाश से टकराव होने के बाद से स्टैंड में संघर्ष जारी था.
26 जुलाई, 2017 को कुंदन पर गोलीबारी हुई थी. 5 सितंबर, 2017 को कुंदन की हत्या करने बैरिया पहुंचे अमित पांडे सहित चार अपराधियों को पुलिस ने भारी मात्रा में अत्याधुनिक पिस्टल और गोली के साथ गिरफ्तार किया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




