श्रावणी मेला में अपनों से बिछड़ा यूपी का कांवरिया, चार दिन से तारापुर थाने में परिजनों का कर रहे इंतजार

Updated:
विज्ञापन

पंडित रजक | Prabhat Khabar Network

श्रावणी मेले के दौरान अपनों से बिछड़ने का दर्द हर किसी को सताता है. उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला एक श्रद्धालु पिछले चार दिनों से तारापुर थाने में अपने परिवार की राह देख रहा है. पुलिस ने आम लोगों से मदद की अपील की है.

विज्ञापन

श्रावणी मेला में कांवर यात्रा के दौरान अपने साथियों से बिछड़ा उत्तर प्रदेश का एक श्रद्धालु पिछले चार दिनों से तारापुर थाना में अपने परिजनों के आने का इंतजार कर रहा है. श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रामगांव थाना क्षेत्र के सुरजली पूर्वा निवासी मुसे रजक का पुत्र पंडित रजक बताया गया है. वह कांवरिया के वेश में बाबा वैद्यनाथ धाम जाने के दौरान अपने साथियों से बिछड़ गया था.

आपके शहर में

विज्ञापन

कांवरिया पथ से सुरक्षित थाने लाया गया

तारापुर थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि 7 अगस्त को तारापुर थाना क्षेत्र के कांवरिया पथ से पंडित रजक को सुरक्षित थाने लाया गया था. उन्होंने बताया कि श्रद्धालु मानसिक रूप से कुछ कमजोर हैं और अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं.

पुलिस की ओर से उत्तर प्रदेश के संबंधित थाना को श्रद्धालु के बारे में सूचना दी गयी है, लेकिन अब तक वहां से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है. ऐसे में पंडित रजक पिछले कई दिनों से तारापुर थाना में अपने परिवार के आने का इंतजार कर रहे हैं.

हताश होकर परिजनों की राह देख रहा श्रद्धालु

परिजनों से बिछड़ने के बाद पंडित रजक के लिए मेला क्षेत्र में अपने परिवार को तलाशना संभव नहीं हो सका. फिलहाल वह सुरक्षित रूप से तारापुर थाना में हैं, लेकिन अपनों के नहीं पहुंचने से हताश नजर आ रहे हैं.

मुंगेर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को पंडित रजक या उनके परिजनों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें. पुलिस ने लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की भी अपील की है, ताकि बिछड़े श्रद्धालु को जल्द से जल्द उसके परिवार से मिलाया जा सके.

इन नंबरों पर करें संपर्क

तारापुर थानाध्यक्ष : 9031828083

जिला नियंत्रण कक्ष : 9031828099

पुलिस की अपील है कि पंडित रजक की पहचान या उनके परिजनों से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर उपरोक्त नंबरों पर तुरंत सूचना दें. श्रद्धालु के परिवार से मिल जाने तक पुलिस की ओर से उसे सुरक्षित रखा गया है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन