मुंगेर विश्वविद्यालय में 24 सितंबर से भरेंगे स्नातक सेमेस्टर-4 और 6 के परीक्षा फॉर्म, जानें शुल्क और जरूरी नियम
मुंगेर विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन. | Prabhat Khabar Network
मुंगेर विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2024-28 (सेमेस्टर-4) और 2023-27 (सेमेस्टर-6) के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की महत्वपूर्ण तिथियां जारी कर दी हैं. छात्र 24 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
मुंगेर विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2024-28 स्नातक सेमेस्टर-4 के नियमित व सत्र 2023-27 बैकलॉग तथा सत्र 2023-27 स्नातक सेमेस्टर-6 में नामांकित विद्यार्थियों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि जारी कर दी गयी है. इन दोनों सेमेस्टर के विद्यार्थी 24 सितंबर से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे. विश्वविद्यालय ने बिना विलंब शुल्क परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 24 से 28 सितंबर तक का समय दिया है. वहीं 100 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ 29 और 30 सितंबर को परीक्षा फॉर्म भरा जा सकेगा.
24 से 28 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क भरें परीक्षा फॉर्म
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार स्नातक सेमेस्टर-4 के नियमित व बैकलॉग तथा सेमेस्टर-6 के विद्यार्थी 24 से 28 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे. इसके लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन 600 रुपये परीक्षा फॉर्म शुल्क जमा करना होगा.
इसके बाद 29 और 30 सितंबर को भी परीक्षा फॉर्म भरने का मौका मिलेगा, लेकिन इस अवधि में विद्यार्थियों को 100 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा. यानी विलंब शुल्क के साथ कुल 700 रुपये ऑनलाइन जमा करने होंगे.
कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन कराना होगा अनिवार्य
परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन भरने से पहले विद्यार्थियों को अपने संबंधित कॉलेज में भौतिक रूप से उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा. दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ायेंगे.
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और निर्धारित समय के भीतर सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लें.
फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना जरूरी
दोनों सत्रों के विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म शुल्क जमा करने से पहले अपने स्टूडेंट पोर्टल पर फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना होगा. इसके लिए विद्यार्थी अपने यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करेंगे. विश्वविद्यालय के अनुसार फोटो और हस्ताक्षर अपलोड किये बिना जमा किया गया परीक्षा फॉर्म मान्य नहीं माना जायेगा.
आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की गयी जानकारी
मुंगेर विश्वविद्यालय ने परीक्षा फॉर्म भरने से संबंधित पूरी जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने से पहले विश्वविद्यालय की सूचना और निर्धारित प्रक्रिया को ध्यान से देखने को कहा गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए