प्रसाद खाने के बाद मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज के 12 स्टूडेंट, दो शिक्षिका तथा कैग टीम के 3 ऑडिटर हुए बीमार

Updated:
विज्ञापन

सदर अस्पताल में भर्ती मरीज. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने के बाद विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला जारी है. अब तक 12 छात्र, दो शिक्षिकाएं और कैग टीम के तीन ऑडिटर बीमार पड़ चुके हैं. सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

विज्ञापन

मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने के बाद विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार को जहां तबीयत बिगड़ने के बाद दो दर्जन से अधिक छात्राओं को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था. वहीं शनिवार की शाम 12 विद्यार्थियों, दो शिक्षिकाओं और कॉलेज में पिछले एक सप्ताह से ऑडिट कर रही कैग टीम के तीन ऑडिटरों की भी तबीयत बिगड़ गयी. सभी को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था.

विज्ञापन

12 विद्यार्थियों की अचानक बिगड़ी तबीयत

शनिवार की शाम मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज के कई विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने लगी. इसके बाद कॉलेज प्रबंधन द्वारा सत्यम कुमार राय, रोहित कुमार, रुपेश कुमार, इशांत कुमार, अभिषेक कुमार, आयुष राज, राजा बाबू, आशीष, विपिन कुमार, अभिनव कुमार सहित छात्रा सुहानी कुमारी और लूसी कुमारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया.

विद्यार्थियों के अनुसार विश्वकर्मा पूजा का प्रसाद खाने के बाद एक-एक कर छात्र-छात्राओं की तबीयत खराब होने लगी. अस्पताल पहुंचने पर अधिकांश मरीजों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत बतायी. चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार किया जा रहा था.

दो शिक्षिकाओं की भी बिगड़ी तबीयत

विद्यार्थियों के साथ मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज की दो शिक्षिकाओं पूजा कुमारी और अमृता कुमारी की भी तबीयत बिगड़ गयी. दोनों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. अस्पताल में इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य सहित अन्य फैकल्टी सदस्य भी मौजूद रहे.

कैग टीम के तीन ऑडिटर भी अस्पताल पहुंचे

मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में पिछले करीब एक सप्ताह से ऑडिट कर रही कैग टीम के तीन ऑडिटरों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें भी सदर अस्पताल लाया गया. इनमें नीतीश कुमार, संजीव कुमार और नीरज कुमार सिंह शामिल हैं. तीनों को भी इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा था.

शुक्रवार को भी दो दर्जन से अधिक छात्राएं हुई थीं बीमार

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज की दो दर्जन से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ गयी थी. उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था. शनिवार को विद्यार्थियों, शिक्षिकाओं और कैग टीम के सदस्यों के बीमार पड़ने के बाद मामले को लेकर कॉलेज परिसर में भी चिंता बढ़ गयी.

पेट दर्द और उल्टी की शिकायत, इलाज जारी

चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल पहुंचे मरीजों में मुख्य रूप से पेट दर्द और उल्टी की शिकायत सामने आयी. सभी का आवश्यक उपचार किया जा रहा था. विद्यार्थियों ने प्रसाद खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की बात कही है. हालांकि, तबीयत खराब होने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन