दो ट्रकों की टक्कर में एक ट्रक घर में घुसा, बाल-बाल बचे परिजन
Published by : ANAND KUMAR Updated At : 14 Mar 2026 8:04 PM
खड़गपुर–बरियारपुर नेशनल हाईवे-333 पर शनिवार की शाम प्रसंडो नया टोला के समीप दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गयी.
हवेली खड़गपुर. खड़गपुर–बरियारपुर नेशनल हाईवे-333 पर शनिवार की शाम प्रसंडो नया टोला के समीप दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गयी. टक्कर के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में घुस गया. घटना के समय घर के बाहर खेल रहे बच्चे और परिजन बाल-बाल बच गये. जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जानकारी के अनुसार, एक ट्रक बरियारपुर की ओर से तो दूसरा ट्रक खड़गपुर की ओर से आ रहा था. इसी दौरान प्रसंडो नया टोला के पास दोनों ट्रकों में जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर के बाद बरियारपुर की तरफ से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर नवल मंडल के घर के सीढ़ी को क्षतिग्रस्त करते हुए घर में जा घुसा. घटना के समय घर के बाहर रूपेश कुमार, उनका पुत्र आनंद कुमार और पत्नी पुष्पा कुमारी बैठी हुई थी. ट्रक को अपनी ओर आते देख सभी लोग जान बचाने के लिए पास के गड्ढे में कूद गये, जिससे सभी बाल-बाल बच गये. वहीं टक्कर के बाद ट्रक के टायर फटने की तेज आवाज से एक महिला बेहोश होकर गिर पड़ी और घायल हो गयी. स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, खड़गपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मुंगेर रेफर कर दिया गया. महिला की पहचान हरिवंश मंडल की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई. इधर, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और एक ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आयी, जबकि दूसरा ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया. इधर, लगातार हो रही सड़क दुर्घटना को लेकर ग्रामीण दिन में नो इंट्री की मांग कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










