स्व-गणना का शंखनाद, प्रमंडलीय आयुक्त ने टैब से खुद दर्ज की अपनी जानकारी

Published by :BIRENDRA KUMAR SING
Published at :17 Apr 2026 7:55 PM (IST)
विज्ञापन
स्व-गणना का शंखनाद, प्रमंडलीय आयुक्त ने टैब से खुद दर्ज की अपनी जानकारी

भारत की जनगणना-2027 के स्व-गणना का शंखनाद शुक्रवार को हुआ.

विज्ञापन

मुंगेर. भारत की जनगणना-2027 के स्व-गणना का शंखनाद शुक्रवार को हुआ. प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने इसका शुभारंभ करते हुए अपना ब्योरा निर्धारित पोर्टल पर अपने टैब के माध्यम से अंकित किया. मौके पर प्रभारी जिला पदाधिकारी सह एडीएम मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. प्रमंडलीय आयुक्त ने पोर्टल पर ऑनलाइन वांछित सूचनाओं को अंकित करते हुए कहा कि आमलोग जनगणना कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करा सकते हैं. स्व-गणना में प्रत्येक परिवार द्वारा अपनी आवासीय स्थिति, परिवार, जल, स्वच्छता व ऊर्जा विवरण तथा घरेलू उपकरणों की उपलब्धता से संबंधित सूचनाओं ऑनलाइन माध्यम से स्वयं प्रविष्ट की जानी है. भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण व आवास गणना का कार्य किया जाना है, जिसके अंतर्गत स्व-गणना का कार्य 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 के मध्य संपादित किया जाना है. उन्होंने बताया कि मकान सूचीकरण व मकान की गणना के दौरान प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों से संबंधित सूचनाओं दर्ज करने के लिए आम नागरिक स्वयं पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर से ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं. लॉगिन करने पर वे अपने राज्य, जिला और क्षेत्र की जानकारी चुनने के पश्चात डिजिटल मैप पर अपने घर का स्थान चिह्नित कर घर और परिवार से संबंधित जानकारी को भर सकते हैं. उनके द्वारा पूरी जानकारी भरकर सबमिट करने पर उन्हें एक आईडी प्राप्त होगी, जिसे वे वास्तविक गणना के दौरान गणनाकर्मी को देंगे, तो संबंधित गणनाकर्मी द्वारा उनकी जानकारी का सत्यापन कर लिया जायेगा. उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण 2 मई से 31 मई तक 30 दिनों की अवधि में आयोजित किया गया है. इस चरण में मकान सूचीकरण व मकान की गणना का कार्य प्रगणकों द्वारा किया जायेगा. उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई आम नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाते हैं, तो निर्धारित अवधि के दौरान प्रगणक उनके घर जाकर उनकी जानकारी अवश्य दर्ज करेंगे. आमलोगों द्वारा प्रगणक को दी गयी जानकारी पूरी तरह से गोपनीय और सुरक्षित रखी जायेगी. इधर, प्रभारी जिला पदाधिकारी ने इस संबंध में 16 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे बढ़ चढ़कर स्व-गणना में अपने विभागीय कर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित कराएं. जीविका दीदियों, शिक्षकों सहित सभी कर्मियों को लगाते हुए स्व-गणना के लिए लोगों को जागृत करने को लेकर अभियान चलाया जाये. जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्वगणना कार्य को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जाये.

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन