फाइलेरिया उन्मूलन में फिसड्डी पर कई प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का रोका वेतन

Published by : AMIT JHA Updated At : 20 Feb 2026 7:29 PM

विज्ञापन

मॉडल अस्पताल सभागार में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर की अध्यक्षता में हुई

विज्ञापन

मॉडल अस्पताल सभागार में स्वास्थ्य विभाग की डीएम ने की समीक्षा बैठक

दवा बर्बादी मामले में सदर प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से स्पष्टीकरण

मुंगेर. मॉडल अस्पताल सभागार में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर की अध्यक्षता में हुई. यहां उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की. फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा में संतोषजनक संचालन नहीं होने पर कई प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से स्पष्टीकरण करते हुए उनके वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही एचडब्ल्यूसी जनमडिग्री में दवा बर्बादी मामले को लेकर सदर प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछते हुए वेतन रोकने का निर्देश दिया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ राजू, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ रामप्रवेश प्रसाद सहित अन्य मौजूद थे. बैठक के बाद जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल के प्रसव वार्ड, आईसीयू का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया.

जिलाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन में कुछ प्रखंडों को छोड़कर बांकी अपने लक्ष्य के काफी पीछे हैं. इसमें तत्काल सुधार लाएं और निर्धारित लक्ष्य को पूरा करें. शत प्रतिशत घरों में जाकर लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाना सुनिश्चित करेंगे. जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी लक्ष्य के पीछे रहेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि कई प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत है. ऐसे में उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि ऐसे चिकित्सक और कर्मियों के स्थानांतरण की कार्रवाई आरंभ करें. इसके अलावे सदर अस्पताल में दवा की उपलब्धता, ओपीडी संचालन, दवा वितरण, टेलीमेडिसिन, एक्स-रे, लैब जांच आदि की भी समीक्षा की गयी.

टीकाकरण कार्यक्रम की धीमी प्रगति पर असंतोष

जिलाधिकारी ने कहा कि ओपीडी संचालन में हवेली खड़गपुर की स्थिति असंतोषजनक है. उन्होंने टेलीमेडिसिन में समय सीमा निर्धारित कर संबंधित चिकित्सकों को चयनित मरीजों की काउंसलिंग का निर्देश दिया. जिले में टीकाकरण कार्यक्रम की धीमी प्रगति पर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एक्शन प्लान बनाकर उस पर सुचारू रूप से कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसा एक्शन प्लान तैयार करें. जिससे शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य प्राप्त हो सके. इस दौरान बताया गया कि असरगंज को छोड़कर सभी प्रखंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे की व्यवस्था है. विद्युत कनेक्शन नहीं रहने के कारण असरगंज प्रभावित है. जिसे लेकर उन्होंने तत्काल विद्युत कनेक्शन कराकर वहां एक्स-रे सेवा बहाल करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन
AMIT JHA

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन