ऑटो से गिरे सहरसा के युवक को हाइवा ने रौंदा, मौके पर मौत

राजू सदा एक साइबर ठगी से जुड़े मामले में गवाही के लिए जा रहा था बेलहर थाना
संग्रामपुर-तारापुर मुख्य मार्ग में नवगाई शीतला मंदिर के समीप हादसा
संग्रामपुर. संग्रामपुर-तारापुर मुख्य मार्ग में गुरुवार को नवगाई शीतला मंदिर के समीप एक हाइवा ने पीछे से ऑटो में ठोकर मार दी. इससे ऑटो पर सवार एक 35 वर्षीय युवक नीचे गिर गया और हाइवा का पहिया उसपर से गुजर गया. इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक सहरसा जिला के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सढ़िया गांव निवासी राजू सदा बताया जाता है.जानकारी के अनुसार, मृतक राजू सदा अपने बड़े भाई जीतन सदा, भतीजा राज कुमार सदा व अन्य साथियों के साथ सहरसा से बांका जिला के बेलहर जा रहा था. सभी लोग बुधवार को सहरसा से ट्रेन पकड़कर गुरुवार की सुबह जमालपुर स्टेशन पहुंचे और बेलहर थाना जाने के लिए एक ऑटो रिजर्व किया. इसी दौरान संग्रामपुर-तारापुर मुख्य मार्ग में नवगाई के समीप पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार हाइवा ने साइड लेने के क्रम में ऑटो में ठोकर मार दी. इससे ऑटो पर बैठा राजू सदा असंतुलित होकर ऑटो से नीचे गिर गया. इसके बाद हाइवा का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया. जबतक उसके साथ चल रहे लोग कुछ समझ पाते, तबतक उसकी मौत हो गयी. इधर घटना की सूचना मिलते ही संग्रामपुर थाना के एएसआई भोली पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर लाया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने हाइवा और ऑटो को जब्त कर लिया. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भिजवा दिया. परिजनों के अनुसार, राजू सदा एक साइबर ठगी से जुड़े मामले में गवाही के लिए बेलहर थाना जा रहा था. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




