सरकारी क्वार्टर चोरी मामले में पुलिस-पब्लिक आमने-सामने, बढ़ता जा रहा विवाद

Updated at : 24 Mar 2026 6:51 PM (IST)
विज्ञापन
सरकारी क्वार्टर चोरी मामले में पुलिस-पब्लिक आमने-सामने, बढ़ता जा रहा विवाद

मुहल्ले वालों ने जांच कर थानाध्यक्ष के खिलाफ एसपी से की कानूनी कार्रवाई की मांग

विज्ञापन

कासिम बाजार थानाध्यक्ष के खिलाफ एसपी ऑफिस पहुंच कर लोगों ने किया प्रदर्शन

क्वार्टर के रास्ते की घेराबंदी का गोढ़ीटोला के लोग लगातार कर रहे विरोध

मुंगेर. शहर के बेलन बाजार स्थित सरकारी क्वार्टर संख्या – 41 में हुई चोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. एक तरफ जहां पुलिस चोरी मामले का उद्भेदन करने के लिए दिन-रात जांच में जुटी हुई है. वहीं दूसरी ओर चोरी के बाद क्वार्टर के पिछले हिस्से के रास्ते की घेराबंदी का लल्लू पोखर गोढ़ीटोला के लोग लगातार विरोध कर रहे हैं. मंगलवार को लल्लू पोखर गोढ़ीटोला विषहरी स्थान के लोगों ने कासिम बाजार थानाध्यक्ष के खिलाफ एसपी ऑफिस पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया.

थानाध्यक्ष बच्चों के साथ करती है मारपीट

लल्लूपोखर विषहरी स्थान निवासी महिला-पुरुष मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कासिम बाजार थानाध्यक्ष के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया.एक आवेदन भी एसपी के नाम कार्यालय में दिया. विरोध कर रही शांति देवी, गीता देवी, रेणू देवी, रंजीत सहनी आदि ने आवेदन में कहा है कि सरकारी क्वार्टर में चोरी की घटना हुई थी. इसके बाद से रात में थानाध्यक्ष दल-बल के साथ आती है और बच्चों को पकड़कर थाना लेकर चली जाती है. वहां बच्चों के साथ मारपीट करती है. 19 व 20 मार्च को 19 लड़कों को पकड़ कर मारपीट की गयी. हम मुहल्ले वाले पुलिस के डर से परेशान हैं. जबकि हम सभी के बाल-बच्चों पर कोई मुकदमा या अपराधियों से कोई सांठ-गांठ तक नहीं है. सभी बच्चों को 22 मार्च की शाम में छोड़ा गया. मुहल्ले वालों ने जांच कर थानाध्यक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग एसपी से की है.

रास्ता खुलवाने को लेकर प्रशासन पर बना रहे दबाव

सरकारी क्वार्टर में चोरी के बाद वहां रहने वाले सरकारी कर्मचारियों ने अपने खर्च कर क्वार्टर के पिछले हिस्से से क्वार्टर आने वाले रास्ते को बंद करवा दिया. इसका गोढ़ीटोला के लोगों ने जमकर विरोध किया. उनका कहना है कि कई दशकों से इस रास्ता का प्रयोग हमलोग करते रहे हैं. इसी रास्ते से होकर सरकारी क्वार्टर स्थित विद्यालय में पढ़ने हमारे बच्चे जाते हैं. रविवार और सोमवार को मुहल्ले वालों ने समाहरणालय पहुंच विरोध प्रदर्शन किया. मुहल्ले वाले रास्ता खुलवाने को लेकर प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं. लेकिन इस बार सरकारी क्वार्टर में रहने वाले सरकारी कर्मी पूरी तरह से मूड में हैं कि किसी भी कीमत पर रास्ता नहीं खोलने दिया जायेगा. क्योंकि पिछले हिस्से से आपराधिक एवं असामाजिक तत्व क्वार्टर में प्रवेश कर चोरी जैसी घटना को अंजाम देते हैं, बैठकबाजी करते हैं, विरोध करने पर लड़ाई पर उतर आते हैं. जबकि यह क्षेत्र पूरी तरह से सरकारी क्षेत्र है, इसमें अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाना जरूरी है.

अब तक चोरी मामले का नहीं हुआ है खुलासा

विदित हो कि 19 मार्च को दिनदहाड़े चोरों ने जिलाधिकारी के प्रधान आशुलिपिक राजू कुमार के सरकारी क्वार्टर संख्या-41 में चोरी की घटना को अंजाम दिया था. दो लाख नकद सहित 5-6 लाख रुपये के जेवरात व संपत्ति की चोरी कर ली थी. लेकिन घटना के छह दिन बाद भी चोरी मामले का पुलिस उद्भेदन नहीं कर सकी है.

कहती हैं थानाध्यक्ष

कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप ने बताया कि चोरी मामले का अनुसंधान किया जा रहा है. कुछ संदिग्ध लोगों को रोक कर पूछताछ की गयी, फिर उनको छोड़ दिया गया. लेकिन वहां के आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले कुछ लोग महिलाओं को आगे कर अनुसंधान को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं.

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन