सड़क निर्माण के पूर्व पाइप लाइन कनेक्शन देने की मांग, पांच घंटे सड़क जाम
Updated at : 08 Apr 2026 11:58 PM (IST)
विज्ञापन

बुडको कार्यकलाप के विरोध में छोटी केशवपुर वार्ड संख्या 27 और 31 के लोगों ने किया प्रदर्शन
विज्ञापन
जमालपुर. सड़क निर्माण के पहले घर में पाइप लाइन कनेक्शन देने की मांग को लेकर छोटी केशवपुर वार्ड संख्या 27 और 31 के लोगों ने धरहरा-फुलका जमालपुर सड़क मार्ग को जामकर प्रदर्शन किया. इस दौरान लगभग पांच घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. जाम सुबह 7:00 से अपराह्न 12:15 बजे तक बना रहा. इस दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह लाचार दिखी. हालांकि बाद में सड़क निर्माण और जलापूर्ति योजना की कार्यकारी एजेंसी बुडको के जूनियर इंजीनियर सुरेंद्र कुमार तथा मुख्य पार्षद के प्रतिनिधि के पहल पर जाम हटाया गया.
स्थानीय लोगों ने बताया गया है कि लगभग 16 वर्षों के बाद धरहरा-फुलका जमालपुर सड़क का निर्माण कार्य आरंभ हुआ है. ऐसे में सड़क किनारे रहने वाले लोग सड़क निर्माण के पहले जलापूर्ति योजना के पाइप लाइन का कनेक्शन अपने घर में कराना चाह रहे हैं. लोगों ने कहा कि यदि लोगों के घर में पाइप लाइन का कनेक्शन नहीं दिया गया, तो सड़क बनने के बाद कनेक्शन देने के नाम पर एक बार फिर से सड़क को क्षतिग्रस्त करके छोड़ दिया जाएगा.वार्ड में ओवरहेड टैंक, पर पानी को तरस रहे लोग
लोगों ने कहा कि वार्ड संख्या 31 में ओवरहेड टैंक बनाया गया है. इससे दूसरे वार्ड में भी पेयजल की आपूर्ति की जाती है, परंतु वार्ड संख्या 31 के सैकड़ों ऐसे घर हैं, जिसमें अबतक पाइपलाइन का कनेक्शन नहीं दिया गया है. चिराग तले अंधेरा लोकोक्ति को चरितार्थ करते हुए बुडको ने पाइपलाइन कनेक्शन देने में भेदभाव किया है. हाल यह है कि सड़क के एक तरफ के घर में पानी का कनेक्शन है तो दूसरे तरफ के घर में कोई कनेक्शन नहीं है. महिलाओं ने जिलाधिकारी को स्थल पर बुलाने की मांग की.नये घरों में किया जाएगा पाइपलाइन का कनेक्शन
बुडको के जूनियर इंजीनियर ने लोगों को जाम स्थल पर बताया कि सरकार ने 14,605 घर में कनेक्शन देने का आदेश दिया था, परंतु अबतक जमालपुर शहर में 17,201 घर में कनेक्शन कर दिया गया है. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जिन लोगों के घरों में अब तक कनेक्शन नहीं हो पाया है और जिस वार्ड में पेय जलापूर्ति नहीं हो पा रही है. उसके लिए विभाग ने सर्वे कर मुख्यालय को भेजा है. डीपीआर तैयार हो चुका है. कई वार्ड में ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाना है. इसके लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है. जमीन उपलब्ध होने के बाद वहां ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाएगा और पानी का नियमित आपूर्ति आरंभ हो पाएगी. उन्होंने कहा कि जब तक मुख्यालय से नये घरों में कनेक्शन देने का आदेश नहीं मिल जाता, तब तक यहां नया कनेक्शन नहीं दिया जा सकता है.पेयजल समस्या को लेकर होगी बैठक
जाम की खबर नगर परिषद के योजना प्रभारी प्रेम शंकर, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि राजन मंडल और पूर्व पार्षद सनम कुमार उर्फ बबलू पासवान धरना स्थल पर पहुंचे. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जिलाधिकारी के साथ समस्या के समाधान को लेकर बैठक की जाएगी. नगर परिषद में भी जल की समस्या को लेकर बैठक बुलायी जाएगी और समस्या का समाधान किया जाएगा. हालांकि स्थानीय महिलाओं ने कहा कि अगर मंगलवार तक समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो बुधवार को एक बार फिर सड़क जाम किया जाएगा.स्कूल तक पैदल पहुंचे बच्चे
जमालपुर. अपनी मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क सुबह 7:00 से ही जाम कर दिया था. स्कूल के टाइम में स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहन को भी जाने की इजाजत नहीं दी गयी. इसके बाद डीएवी पब्लिक स्कूल की प्राचार्य और एक अन्य शिक्षक जाम स्थल पर पहुंचे, परंतु लोगों ने स्कूल बस भी नहीं जाने दिया. इसके बाद सभी बच्चों को बस से उतारा गया और वहां से पैदल बच्चे स्कूल तक पहुंचे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




