बदहाली : 9 बजे ओपीडी का समय, डॉक्टर साहब 9.30 बजे तक नदारद

सदर अस्पताल का हाल, इलाज के लिए इंतजार करते रहे मरीज
मुंगेर. स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के निर्देशानुसार वैसे तो सदर अस्पताल में ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से अपराह्न 2 बजे तक है, लेकिन बुधवार को जो स्थिति सदर अस्पताल के ओपीडी में देखने को मिली. उससे साफ समझा जा सकता है कि अस्पताल में विभागीय निर्देश का कितना असर चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों पर हो रहा है. हाल यह था कि सुबह 9 बजे आरंभ होने वाले ओपीडी सेवा में 9.30 बजे तक चिकित्सक नदारद थे. इसके कारण दर्जनों मरीज इलाज कराने के लिए चिकित्सक का इंतजार करते नजर आये.
बता दें कि सदर अस्पताल में ओपीडी का संचालन दो शिफ्ट में होता है. इसमें पहला शिफ्ट सुबह 9 बजे से अपराह्न 2 बजे तक होता है. वहीं ओपीडी में सबसे अधिक मरीजों की भीड़ सुबह के शिफ्ट में ही होती है, लेकिन बुधवार को ओपीडी में केवल दंत को छोड़कर सभी चिकित्सकों का कक्ष बंद ही था. हाल यह था कि सुबह 9.30 बजे तक ओपीडी में पर्ची कटाने के बाद मरीज वाइटल जांच और चिकित्सकों से दिखाने के लिए बैठे रहे. हालांकि 9.30 बजे के बाद एक-एक कर चिकित्सक पहुंचने लगे. इसके बाद मरीजों का इलाज शुरू किया गया.अस्तपाल की व्यवस्थाएं बढ़ा रहीं मरीजों की वेटिंग टाइम
बता दें कि सरकार की ओर से अब इलाज की सभी प्रक्रियाओं को भव्या के माध्यम से ऑनलाइन कर दिया गया है. इसके तहत विभाग द्वारा मरीजों के इलाज के लिए वेटिंग टाइम तक की समीक्षा की जा रही है. जबकि बीते दिनों की सिविल सर्जन की समीक्षा बैठक के दौरान सदर अस्पताल में मरीजों का औसत वेटिंग टाइम जिले में सर्वाधिक 48 मिनट का रहा. ऐसे में खुद ही समझा जा सकता है कि जब मरीज पर्ची 9 बजे कटा लेंगे और चिकित्सक 9.30 के बाद आएंगे, तो औसत वेटिंग टाइम बढ़ना स्वाभाविक है. जो खुद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा करता है.कहते हैं सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि ओपीडी का समय 9 बजे से है. चिकित्सक और कर्मियों को निर्धारित समय पर अपने कार्य स्थल पर उपलब्ध रहने का निर्देश दिया गया है, यदि ओपीडी में समय पर चिकित्सक मौजूद नहीं थे तो इसकी जानकारी लेकर संबंधित से स्पष्टीकरण पूछा जायेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अमित झा
अमित झा प्रिंट माध्यम में 06 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










