औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर जिले में लगेंगे नये उद्योग : मुख्यमंत्री

Updated at : 19 Mar 2026 10:50 PM (IST)
विज्ञापन
औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर जिले में लगेंगे नये उद्योग : मुख्यमंत्री

मुंगेर के सभी नौ प्रखंड में खोले जाएंगे आदर्श विद्यालय व डिग्री कॉलेज

विज्ञापन

बीरेंद्र कुमार, मुंगेर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे. डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के गांवों में दूग्ध उत्पादक समिति का गठन किया जायेगा. इसके साथ ही सभी 96 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केंद्र खोले जाएंगे. जिले के नौ प्रखंडों में आदर्श विद्यालय व डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी. सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशिष्ट अस्पताल व सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा. वे बुधवार को समृद्धि यात्रा पर हवाई अड्डा मैदान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.

सीएम ने कहा कि 2005 के पहले वाले जो लोग थे, कुछ नहीं किया था. पहले बहुत बुरा हाल था. लोग शाम के बाद घर से नहीं निकलते थे. सबको कह दिया था कि शाम में मत निकलिये. पहले समाज में मतभेद, विवाद होता था. हिंदू-मुस्लिम होता था. शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली की बुरी स्थिति थी. सड़क नहीं थी, जो थी उसका भी बुरा हाल था, लेकिन 24 नवंबर 2005 में जब एनडीए की सरकार बनी, तो कानून का राज स्थापित हुआ. विकास हो रहा है. पहले समाज में विवाद होता था. एनडीए सरकार आने के बाद लोगों की बेहतरी के लिए काम किया. अब किसी प्रकार का डर और भय नहीं है. कब्रिस्तान और मंदिरों का घेराबंदी की गयी. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में काम किया, नियोजित शिक्षक, पोशाक योजना की शुरुआत की. साइकिल योजना, 3 लाख 6 हजार नियोजित शिक्षक बनाए गये. 2023 से बीपीएससी 2 लाख 58 हजार की बहाली की गयी. शिक्षक की चार परीक्षाओं का आयोजन हो गया. चार राउंड 2 लाख 76 हजार शिक्षक की नियुक्ति की गयी. अब 5 लाख 24 हजार सरकारी शिक्षक हो गये है. 45 हजार नये शिक्षकों की बहाली की प्रक्रिया शुरू हो रही है. पहले स्वास्थ्य सुविधा बहुत खराब थी. 2006 से ही आपको मुफ्त दवा व इलाज की व्यवस्था दी जा रही है. पहले छह मेडिकल कॉलेज थे, अब 12 करवाये और छह मेडिकल कॉलेज और बन जायेंगे. पीएमसीएच में 5400 बेड हैं. उन्होंने कहा कि जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे. डेयरी को बढ़ावा देने के लिए, मुंगेर जिले के गांवों में दूग्ध उत्पादक समिति का गठन किया जायेगा. सभी 96 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केंद्र खोला जायेगा.

मुंगेर ने जो मांगा, नीतीश कुमार ने खुले हाथ से दिया : ललन सिंह

मुंगेर. केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि मुंगेर ने जो मांगा, नीतीश कुमार ने खुले हाथ से देने का काम किया. शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल के क्षेत्र में जिला आत्मनिर्भर बना. जिले में खूब विकास हुआ और जिले को समृद्ध बनाया गया. उन्होंने कहा कि 38 वर्षों से नीतीश कुमार से संबंध है. 1986 से लेकर अब तक साथ में काम कर रहे हैं. जिस काम में हाथ डाला, उसने रफ्तार पकड़ी. 20 साल के बाद अब बिहार देश ही नहीं, बल्कि पूरे दुनिया में चमक रहा है. देश ही नहीं पूरी दुनिया नीतीश कुमार को विकास पुरुष के रूप में जानती है. मुंगेर में जो काम बचा था, सभी स्वीकृत किया गया, बिहार के नक्शे पर मुंगेर चमकेगा.

मुंगेर को काट कर बना दिया था टापू, अब सड़कों का जाल : सम्राट

मुंगेर. उप-मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जब बिहार से झारखंड अलग हुआ था, उस समय बिहार का बजट 23 हजार करोड़ का था, लेकिन आज 3 लाख 17 हजार करोड़ का बजट है. नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार बढ़ रहा है और समृद्ध बना. उन्होंने कहा कि मुंगेर को काट कर टापू बना दिया गया. जिले के एक तरह जंगल-पहाड़ और दूसरी तरफ गंगा प्रवाहित है. लेकिन आज मुंगेर को देख लिजिये. सड़कों का जाल बिछा दिया गया. हल्दिया-रक्सौल हाइवे बनने से लोगों का यातायात सुगम होगा. मुंगेर-मिर्जा चौकी फोरलेन का काम इसी साल पूरा हो जायेगा. एनएच से लेकर गांव तक की सड़कें बनी. जिस मरीन ड्राइव की कल्पना नहीं करते थे, आज उसे मुंगेर से लेकर भागलपुर तक की स्वीकृति देते हुए राशि आवंटित कराते हुए काम शुरू कराया गया. मुंगेर की सांस्कृतिक विरासत, चंडिका स्थान, सीताकुंड, भीमबांध, तिलडीहा मंदिर को समृद्ध किया जा रहा है. गंगा किनारे घाटों का निर्माण किया जा रहा है. नीतीश कुमार ने जो काम किया, कोई नहीं कर सकते थे. हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव-गांव बिजली पहुंचायी, तो नीतीश कुमार ने घर-घर बिजली पहुंचायी. 125 यूनिट बिजली लोगों को मुफ्त दी जा रही है.

नीतीश कुमार ने की विकास योजनाओं की बरसात : विजय चौधरी

मुंगेर. जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में डेढ़ दर्जन यात्रा हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की. इसकी शुरुआत न्याय यात्रा से हुई थी और आज समृद्धि यात्रा पर है. जितनी बार सीएम मुंगेर आये हैं, उतनी बार विकास योजनाओं की बरसात हुई है. प्रगति यात्रा के दौरान मुंगेर के छूटे हुए विकास कार्यों को पूरा करने के लिए योजनाओं की घोषणा की. किसानों के खेतों में पानी पहुंचाने के लिए गंगा से पानी बदुआ और खड़गपुर झील तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है. डकरानाला, सिंधवारणी जलाशय योजना का तेजी से काम चल रहा है. जब विकास हर घर में पहुंचता है तो परिवार समृद्ध होता है. मुख्यमंत्री विकसित श्रेणी राज्यों में बिहार को शामिल करने की ठान लिये हैं और पांच वर्ष में उस श्रेणी में खड़ा कर देंगे. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के उसूल, नीतियां, निर्देशन में बिहार में एनडीए की सरकार चलेगी.

बिहार के साथ ही निरंतर आगे बढ़ रहा मुंगेर : संजय पासवान

मुंगेर. गन्ना उद्योग मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री संजय कुमार पासवान ने कहा कि बिहार के साथ ही मुंगेर विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है. विकसित बिहार, अपराध मुक्त बिहार देने का काम नीतीश कुमार ने किया है. वे विकास और आत्मनिर्भरता के प्रतीक हैं. सुशासन की सरकार में आज शांति से लोग जीवन यापन कर रहे हैं. केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रयास से मुंगेर विकास के प्रगति पथ पर अग्रसर है.

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन