मेरी बेटी थी बहुत मजबूत, दामाद ने गोली मार कर दी हत्या

Updated at : 12 Apr 2026 7:34 PM (IST)
विज्ञापन
मेरी बेटी थी बहुत मजबूत, दामाद ने गोली मार कर दी हत्या

सफियासराय थाना में पदस्थापित दारोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी द्वारा पति के ही सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार कर आत्महत्या करने की बात सामने आयी थी, लेकिन अब मृतका के परिजनों ने इस पूरे मामले को हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाये हैं.

विज्ञापन

दारोगा का सर्विस पिस्टल जब्त, फॉरेंसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य, अपने साथ ले गयी जब्त पिस्टल

दारोगा चंदन का अपने सहकर्मी महिला पुलिस अधिकारी से संबंध का मृतका के परिजनों ने किया खुलासा, जांच में जुटी पुलिस

तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने किया पोस्टमार्टम, कहा आर-पार हो गयी थी गोली

मुंगेर. सफियासराय थाना में पदस्थापित दारोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी द्वारा पति के ही सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार कर आत्महत्या करने की बात सामने आयी थी, लेकिन अब मृतका के परिजनों ने इस पूरे मामले को हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाये हैं. पिता रंजीत कुमार ने सफियासराय थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया. इसके बाद पुलिस ने दारोगा चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाया और जब्त सर्विस पिस्टल को अपने साथ ले गयी. इधर, मृतक के परिजनों का गम और आक्रोश दोनों साफ परिलक्षित हो रहा था. पोस्टमार्टम के उपरांत शव को परिजन अपने साथ समस्तीपुर लेकर चले गये.

परिजनों के पहुंचते ही हत्या में बदल गयी आत्महत्या की कहानी

मृतका मधु कुमारी का मायका समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के बिथान गांव है. सूचना मिलते ही उसके पिता रंजीत कुमार, मां पिंकी देवी, भाई विकास कुमार परिजनों के साथ घटना वाली रात शनिवार को ही सफियासराय स्थित मुंगेर इमरजेंसी अस्पताल पहुंच गये. सभी का रो-रो कर बुरा हाल था. परिजनों के आते ही मधु की आत्महत्या की कहानी पूरी तरह से हत्या में बदल दी. परिजनों ने दहेज और अन्य महिला से अवैध संबंध का विरोध करने पर चंदन द्वारा मधु की गोली मार हत्या करने का आरोप लगाया, जबकि उसके पति चंदन ने एसपी को बताया था कि थाने से कुछ ही दूरी पर मुंगेर-जमालपुर रोड स्थित बिजली ऑफिस के पास एक किराये के मकान में पत्नी के साथ रहता था. शनिवार की सुबह उसका पत्नी से विवाद हुआ था, लेकिन स्थिति पूरी तरह से सामान्य हो गया था. शनिवार की शाम में वह कमरे पर आया और सर्विस पिस्टल रखकर बाथरूम गया. इसी दौरान उसकी पत्नी ने उसके सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली.

पिता के बयान पर मामला दर्ज, दारोगा पति गिरफ्तार

मृतका के पिता रंजीत कुमार ने सफियासरासय थाना में लिखित शिकायत की है. इसमें उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व उसकी बेटी मधु की शादी बेतिया निवासी एसआइ चंदन कुमार के साथ हुआ था. शादी के बाद से ही चंदन हमेशा दहेज की मांग करता था, जबकि उसके दामाद का मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना में तैनात एक महिला पुलिस पदाधिकारी से संपर्क था. मेरी बेटी तीन दिन पहले ही मुंगेर चंदन के पास आयी थी. मधु हमेशा दहेज और महिला दारोगा के संपर्क रहने का विरोध करती थी. इसी को लेकर चंदन ने मेरी बेटी की अपनी ही सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या की प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने दारोगा पति चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने किया पोस्टमार्टम

परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाये जाने पर मृतका के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया. तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम में डॉ रूपेश, डॉ रमण व डॉ शशांक कुमार ने मृतक के बॉडी का पोस्टमार्टम किया. चिकित्सकों ने बताया कि बाई तरफ सीने में गोली लगी थी और दाहिने तरफ पीठ से गोली बाहर निकल गयी. पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी गयी है. पोस्टमार्टम के उपरांत मधु की बॉडी को मायके वालों को सौंप दिया गया और मायके वाले बॉडी लेकर अपने गांव बिथान लेकर चले गये.

लव अरेंज मैरिज में हुई थी तब्दील, लाखों का दिया गया था दहेज

मृतका के पिता रंजीत कुमार ने बताया वह खेती-किसानी के साथ पत्रकारिता से जुड़ा हुआ था. उसे एक बेटा व एक बेटी है. बेटा विकास कुमार जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता है, जबकि बेटी मधु पटना में रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करती थी. पटना में ही बेतिया के चंदन कुमार से उसे प्यार हो गया. हमलोगों ने बेटी की खुशी के खातिर उसके लव को स्वीकार करते हुए दोनों का अरेंज मैरिज करा दिया. शादी 7 फरवरी 2025 को बड़े ही धूमधाम से हुआ था. दहेज और शादी में 55 लाख रुपये खर्च कर दिये. एक कार भी दिया था.

बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसे मार दिया गया

समस्तीपुर से मुंगेर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतका की मां पिंकी देवी का दर्द गुस्से में तब्दील हो गया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती थी. “मेरी बेटी बहुत मजबूत थी, उसे मार दिया गया है,” यह कहते हुए वह फफक पड़ीं. परिजनों का आरोप है कि मधु की हत्या उसके पति चंदन कुमार ने ही की है. मृतका की मां ने मुंगेर पुलिस से निष्पक्ष जांच कर हत्यारे दामाद को फांसी की सजा दिलाने की मांग की.

जांच के घेरे में बरियारपुर थाना में तैनात महिला दारोगा

परिजनों के मुताबिक, चंदन कुमार का अपने ही थाना में तैनात एक महिला दारोगा के साथ कथित तौर पर गहरा संबंध था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. मधु इस बात को लेकर काफी परेशान रहती थी और अक्सर अपने घरवालों से फोन पर इसका जिक्र करती थी. मधु की मां, पिता और मौसी ने कहा कि उस महिला के चक्कर में हमारे पूरे परिवार को दामाद ने बर्बाद कर दिया. प्राथमिकी में महिला दारोगा जो बरियारपुर थाना में तैनात है. उसका नाम आते ही पुलिस सकते में आ गयी. मधु मामले में अब महिला दारोगा की संलिप्तता की जांच मुंगेर पुलिस कर रही है.

फॉरेंसिक टीम जब्त सर्विस पिस्टल ले गयी अपने साथ

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद शनिवार को ही फॉरेंसिक टीम घटना स्थल पर पहुंची. जहां से पुलिस ने उक्त सर्विस पिस्टल को जब्त किया, जिससे गोली चली थी. फॉरेंसिक टीम घटना स्थल से खून के थक्के, फिंगर प्रिंट सहित जांच के लिए कई नमूने एकत्रित किये, जबकि निजी नर्सिंग होम पहुंच कर मृतका के बॉडी से भी जांच के लिए नमूने, फ्रिंगर प्रिंट उठाये. फॉरेंसिक टीम जब्त पिस्टल व नमूने जांच के लिए अपने साथ लेकर चले गये.

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन