मुंगेर में पहली बार बनेगा मॉडल वेंडिंग जोन, सोझी घाट में 150 दुकानों को मिलेगा स्थायी ठिकाना, निगम ने निकाला ई-टेंडर

Updated:
विज्ञापन

वेंडिंग जोन की सांकेतिक तस्वीर. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुंगेर शहर में फुटपाथ और सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए नगर निगम बड़ी पहल कर रहा है. सोझी घाट रोड पर करीब 150 दुकानों वाला मॉडल वेंडिंग जोन बनाया जाएगा, जिससे विक्रेताओं को स्थायी ठिकाना मिलेगा और शहर में व्यवस्था सुधरेगी.

विज्ञापन

मुंगेर शहर में फुटपाथ और सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए बड़ी पहल होने जा रही है. नगर निगम की ओर से सोझी घाट रोड में मॉडल वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए निगम ने 1 करोड़ 93 लाख 98 हजार 55 रुपये की अनुमानित लागत का ई-टेंडर जारी किया है. निविदा आमंत्रण सूचना संख्या 16/2026-27 के तहत इच्छुक संवेदकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं. पूरी निविदा प्रक्रिया डबल बिड पद्धति से पूरी की जाएगी.

विज्ञापन

सोझी घाट में बनेंगी करीब 150 दुकानें

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार सोझी घाट रोड में बनने वाले मॉडल वेंडिंग जोन में करीब 150 दुकानों का निर्माण किया जाएगा. इन दुकानों में मुख्य रूप से सड़क और फुटपाथ के किनारे दुकान लगाने वाले फल एवं सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने की योजना है. इससे दुकानदारों को स्थायी ठिकाना मिलेगा और शहर की सड़कों पर लगने वाली अस्थायी दुकानों से होने वाली परेशानी भी कम होने की उम्मीद है.

पक्के चबूतरे पर लगेगा शेड

प्रस्तावित वेंडिंग जोन में प्रत्येक दुकानदार के लिए पक्का चबूतरा तैयार किया जाएगा. इसके ऊपर शेड लगाए जाएंगे, ताकि दुकानदार धूप और बारिश से बचते हुए कारोबार कर सकें. दुकानों को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने के साथ ग्राहकों के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने की योजना है.

दुकानों के सामने बनेगा 10 फीट का कॉरिडोर

मॉडल वेंडिंग जोन में दुकानों के सामने करीब 10 फीट चौड़ा रास्ता यानी कॉरिडोर विकसित किया जाएगा. इससे खरीदारी करने वाले लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी. एक ही जगह पर व्यवस्थित दुकानें होने से भीड़भाड़ और सड़क पर बेतरतीब तरीके से दुकान लगने की समस्या कम होने की उम्मीद है.

पेयजल, शौचालय और ड्रेनेज की भी होगी सुविधा

वेंडिंग जोन को सिर्फ दुकानों तक सीमित नहीं रखा जाएगा. यहां ग्राहकों और दुकानदारों के लिए पेयजल, शौचालय, रोशनी और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. इससे बाजार क्षेत्र को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी.

1.93 करोड़ रुपये से होगा निर्माण

वेंडिंग जोन निर्माण की अनुमानित लागत 1 करोड़ 93 लाख 98 हजार 55 रुपये निर्धारित की गई है. निविदा में 3 लाख 88 हजार रुपये ऑनलाइन अग्रधन राशि निर्धारित की गई है, जबकि परिमाण विपत्र का मूल्य 10 हजार रुपये रखा गया है. इसके अतिरिक्त निर्धारित दर के अनुसार बिड प्रोसेसिंग शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा.

छह महीने में पूरा करना होगा काम

निविदा में चयनित संवेदक को वेंडिंग जोन का निर्माण कार्य छह महीने के भीतर पूरा करना होगा. निविदा की वैधता अंतिम तिथि से 120 दिन निर्धारित की गई है. यदि निर्माण योजना के अनुसार पूरी होती है, तो मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में यह पहला वेंडिंग जोन होगा. इससे लंबे समय से सड़क और फुटपाथ पर कारोबार करने वाले दुकानदारों को व्यवस्थित और स्थायी स्थान मिलने की उम्मीद है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन