झाड़ी में मिला 26 वर्षीय युवक का शव, जमीन विवाद या रात की मारपीट? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

Updated:
विज्ञापन
झाड़ी में मिला 26 वर्षीय युवक का शव, जमीन विवाद या रात की मारपीट? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

Munger Murder : मुर्गा व्यवसायी अंकित का शव मिलने से इलाके में सनसनी. सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले. परिजनों ने पड़ोसी महिला पर हत्या का आरोप लगाया, जबकि पुलिस रात की मारपीट के एंगल की भी जांच में जुटी है.

विज्ञापन

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट

Munger Murder : मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित खोजा बाजार के मनियां चौराहा में रविवार सुबह झाड़ियों से 26 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान खोजा बाजार निवासी भीम यादव के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है. अंकित मनियां चौराहा पर मुर्गे की दुकान चलाता था. सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है.

जमीन विवाद में हत्या का आरोप, परिजनों ने पड़ोसी महिला को ठहराया जिम्मेदार

मृतक के पिता भीम यादव ने पड़ोस में रहने वाली सरिता देवी पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के कारण अंकित की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया.

रात में हुई थी मारपीट, पुलिस इस एंगल की भी कर रही जांच

मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आया है. परिजनों के अनुसार शनिवार रात कर्बला इलाके के एक मोमोस दुकानदार से मुर्गे का मांस खरीदने को लेकर अंकित की कहासुनी और मारपीट हुई थी. बताया गया कि रात करीब 12 बजे तक अंकित घर के आसपास देखा गया था, लेकिन रविवार सुबह उसका शव झाड़ियों में मिला. पुलिस अब इस विवाद को भी गंभीरता से जांच के दायरे में रख रही है.

सिर पर गंभीर चोट के निशान, हत्या की आशंका मजबूत

Munger Murder : पुलिस के अनुसार मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान पाए गए हैं. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया.

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे जांच तेज

कासिम बाजार थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही जमीन विवाद और शनिवार रात हुई मारपीट से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे. वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.

परिवार में पसरा मातम, इलाके में दहशत

अंकित कुमार दो भाइयों में सबसे छोटा था. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे खोजा बाजार और आसपास के इलाके में दहशत एवं आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

ALSO READ: अंधविश्वास ने छीनी दो जिंदगी: सांप के डंसने पर गर्भवती महिला को मंदिर ले गये परिजन, मौत

विज्ञापन
Pintu Pranav

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन