मुंगेर के लालदरवाजा से 3 साल के मासूम का अपहरण, 3 लाख में बेचने का आरोप, पड़ोसी पिता-पुत्री गिरफ्तार
अपहरण का शिकार बालक | Prabhat Khabar Network
मुंगेर के लालदरवाजा इलाके से 3 साल के मासूम अभिराज के अपहरण और उसे 3 लाख रुपये में बेच देने के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने पड़ोसी पिता-पुत्री को हिरासत में लिया और बच्चे को आरा से सकुशल बरामद कर लिया.
Munger News: मुंगेर शहर के लालदरवाजा इलाके से तीन साल के मासूम के अपहरण और उसे कथित तौर पर 3 लाख रुपये में बेच देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बुधवार दोपहर बच्चे के लापता होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. कोतवाली थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर पड़ोस के एक व्यक्ति और उसकी नाबालिग पुत्री की भूमिका सामने आई. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बच्चे को आरा से सकुशल बरामद कर लिया गया. मामले में पुलिस ने पड़ोसी नीरज यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी नाबालिग पुत्री को निरुद्ध किया गया है.
घर के बाहर खेल रहा था अभिराज, अचानक हो गया लापता
जानकारी के अनुसार लालदरवाजा स्थित यादव सेवा सदन रोड निवासी विनोद यादव को उनकी पत्नी ने फोन कर बताया कि उनका तीन वर्षीय पुत्र अभिराज दोपहर करीब 1:30 बजे के बाद से दिखाई नहीं दे रहा है. सूचना मिलते ही परिवार के लोग और स्थानीय निवासी बच्चे की तलाश में जुट गए.
काफी देर तक खोजबीन के बावजूद जब बच्चे का कोई पता नहीं चला, तो कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया.
सीसीटीवी फुटेज ने खोला पूरा मामला
पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की. फुटेज में एक नाबालिग लड़की के पीछे-पीछे चलते हुए मासूम अभिराज दिखाई दिया.
मुख्य सड़क की फुटेज में देखा गया कि लड़की सड़क पर पहुंची और तभी एक सफेद रंग की लग्जरी कार वहां आकर रुकी. आरोप है कि लड़की ने बच्चे को कार में बैठा दिया, जिसके बाद वाहन वहां से निकल गया.
पुलिस ने फुटेज के आधार पर लड़की की पहचान पड़ोस के ही नीरज यादव की नाबालिग पुत्री के रूप में की.
पूछताछ में सामने आया बच्चे को बेचने का आरोप
पुलिस ने नीरज यादव और उसकी पुत्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार पूछताछ में नीरज यादव ने बताया कि बच्चे को एक परिवार को 3 लाख रुपये में बेच दिया गया है.
उसने कथित तौर पर खरीदार का नाम, पता और वाहन संबंधी जानकारी भी पुलिस को दी. इसके बाद मुंगेर पुलिस ने संबंधित जिलों की पुलिस से संपर्क कर वाहन की जानकारी साझा की.
आरा से सकुशल बरामद हुआ मासूम
मुंगेर पुलिस से मिली सूचना के आधार पर आरा पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोका और उसमें सवार लोगों को हिरासत में ले लिया. वाहन से तीन वर्षीय अभिराज को सकुशल बरामद कर लिया गया.
पुलिस ने नीरज यादव के घर से एक लाख रुपये भी बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच के अनुसार यह रकम बच्चे को ले जाने वाले लोगों द्वारा दी गई थी.
पुलिस टीम आरा के लिए रवाना
मासूम को वापस लाने के लिए कोतवाली थाना पुलिस की टीम आरा रवाना हो गई है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि बच्चे को किस उद्देश्य से खरीदा गया और इस कथित सौदे में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे.
कोतवाली थानाध्यक्ष ने क्या कहा
कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव तिवारी ने बताया कि बच्चे के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. उन्होंने कहा कि मामले में लालदरवाजा के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसकी नाबालिग पुत्री को निरुद्ध किया गया है.
उन्होंने पुष्टि की कि बच्चा आरा से सकुशल बरामद कर लिया गया है और पुलिस उसे वापस लाने के लिए रवाना हो चुकी है. मामले की विस्तृत जांच जारी है.
Munger News: मोहल्ले में दहशत और आक्रोश
घटना के बाद लालदरवाजा इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पड़ोस से इस तरह मासूम बच्चे का अपहरण कर उसे बेचने का आरोप बेहद चौंकाने वाला है.
लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राणा गौरी शंकर
राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










