मनरेगा घोटाला. एक ही जगह पर आधा दर्जन योजना दिखा उड़ाए सरकारी रुपये, एडीएम करेंगे जांच

एक ही जगह पर आधा दर्जन योजना दिखा उड़ाए सरकारी रुपये
टेटियाबंबर के धौरी पंचायत में मनरेगा योजना में बड़े पैमाने पर धांधली, बिना काम कराये ही निकल गयी राशि
मनरेगा योजना की जांच के लिए जिलाधिकारी ने एडीएम आपदा प्रबंधन को सौंपी जिम्मेदारी, डीडीसी को सहयोग करने का निर्देश
मुंगेर. जिले के टेटियाबंबर प्रखंड अंतर्गत धौरी पंचायत में मनरेगा योजनाओं में बड़े पैमाने पर धांधली व बंदरबांट का मामला प्रकाश में आया है. आरोप है कि पंचायत समिति कोटे से होने वाले कार्यों में डांढ खुदाई, तटबंध मरम्मत व चेक डैम निर्माण के नाम पर बिना काम कराए ही लाखों रुपयों की निकासी कर ली गयी है. भ्रष्टाचार का आलम यह है कि तिलकारी गांव में एक ही स्थल पर कागजों में अलग-अलग आधा दर्जन योजना दिखाकर राशि हड़प ली गयी. मामला जिलाधिकारी (डीएम) निखिल धनराज के संज्ञान में आते ही उन्होंने कड़ा रुख अख्तियार किया है.
एडीएम आपदा को सौंपी जांच, तकनीकी टीम करेगी सहयोग
जिलाधिकारी ने सात मार्च को अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को पत्र लिखकर इस पूरे मामले की गहन जांच का जिम्मा सौंपा है. डीएम ने निर्देश दिया है कि धौरी पंचायत के जयराम मंडल एवं अन्य ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में वर्णित तथ्यों की बिंदुवार जांच की जाए. इस जांच में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) मुंगेर सहयोग करेंगे. साथ ही, एडीएम को यह स्वतंत्रता दी गयी है कि वे अपनी जांच के लिए जिले के किसी भी कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता या कनीय अभियंता का तकनीकी सहयोग ले सकते हैं.
तिलकारी गांव की इन आठ योजनाओं पर होगी ”सर्जिकल स्ट्राइक”
ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा कर्मियों व बिचौलियों ने मिलीभगत कर मजदूरों के हक पर डाका डाला है. जमीन पर काम करने के बजाय सिर्फ फोटो खींचकर और फर्जी हाजिरी बनाकर सरकारी खजाना खाली किया गया है. जिन प्रमुख आठ योजनाओं की जांच होनी है, उनमें तिलकारी में हरमंडल खेत से मनोज मंडल खेत तक डांढ खुदाई, कमेश्वर मंडल खेत से जगदेव मंडल खेत तक डांढ खुदाई, विनय मंडल खेत से बलराम मंडल खेत तक तटबंध मरम्मत, चमरूलाल मंडल खेत से शंभू तांती के घर तक डांढ खुदाई, शंभू मंडल के घर से पांडू के खेत तक डांढ खुदाई व पुलिया निर्माण, दुगछिया डार व रंजीत के खेत तक मिट्टी खुदाई व भराई का कार्य शामिल है.
भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी निखिल धनराज ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी योजनाओं में लूट-खसोट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि पूर्व में भी असरगंज के एक मामले में दो तत्कालीन मनरेगा पीओ, कनीय अभियंता व लेखापाल पर गाज गिर चुकी है. टेटियाबंबर के मामले में भी यदि जांच में अनियमितता पुष्ट होती है, तो संबंधित अधिकारियों व बिचौलियों पर प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि डांढ की खुदाई न होने से किसान सुखाड़ झेलने को मजबूर हैं, जो बेहद गंभीर मामला है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




