महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण में जीविका को नये चरण में करना होगा प्रवेश : सीईओ
Published by : RANA GAURI SHAN Updated At : 01 Apr 2026 6:58 PM
दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के सभी कार्यालयों में पहली अप्रैल से जीविका दीदियों द्वारा सफाई के कार्यों का संचालन किया जायेगा.
दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के सभी कार्यालयों में अब जीविका दीदी संभालेगी सफाई की कमान मुंगेर. दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के सभी कार्यालयों में पहली अप्रैल से जीविका दीदियों द्वारा सफाई के कार्यों का संचालन किया जायेगा. जिसका विधिवत उद्घाटन बुधवार को राज्य स्तर से किया गया. इसके साथ ही कंपनी के विभिन्न कार्यालयों में अब इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया. इसे लेकर मुंगेर संग्रहालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, इसमें जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने जिले के सभी कर्मियों के साथ विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि जीविका ने अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, उन्हें बचत की आदत विकसित कराने व बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने में उल्लेखनीय कार्य किया है. इससे महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण हुआ है और वे आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हुई हैं. उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि अब जीविका को एक नये चरण में प्रवेश करना होगा. आने वाले एक-दो वर्षों में लक्ष्य यह होना चाहिए कि समूह से जुड़ी प्रत्येक महिला किसी न किसी आय आधारित गतिविधि या उद्यम से जुड़ सके. इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि कुछ महिलाएं छोटे-छोटे उद्यम स्थापित कर सकती हैं, जबकि कुछ दीदियां संकुल संघ से जुड़कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकती हैं. जीविका का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का एक सशक्त तंत्र विकसित करना है, इससे स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध हो सके. बैठक में यह भी लक्ष्य निर्धारित किया गया कि प्रत्येक संकुल संघ ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार से जोड़ने का प्रयास करेगा. इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए जीविका ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










