जमालपुर में कांवरिया के वेश में आए अपराधी ने चाकू मारकर तीन लोगों को किया घायल

Updated:
विज्ञापन

हमलावर का इलाज चल रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में | Prabhat Khabar Network

जमालपुर के जुबली बेल चौक पर कांवरिया के वेश में आए एक विक्षिप्त युवक ने तीन लोगों पर कैंची से हमला कर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा।

विज्ञापन

जमालपुर (मुंगेर) : जमालपुर थाना क्षेत्र के अति व्यस्त जुबली बेल चौक पर सोमवार की सुबह कांवरिया की वेश में आए एक युवक ने कैंची से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया. घटना के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है. वहीं, घायल तीनों लोगों का निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराया जा रहा है.

फूल दुकानदार पर किया पहला हमला

जानकारी के अनुसार, जमालपुर थाना भवन से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित जुबली बेल चौक पर सोमवार की सुबह सामान्य रूप से दुकानें खुली थीं. इसी दौरान कांवरिया की वेश में एक युवक फूल दुकानदार दीपक मालाकार के पास पहुंचा और कैंची से वार कर उसे घायल कर दिया. दीपक की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े.

इसी दौरान युवक ने किराना दुकानदार राजू कुमार पर भी कैंची से हमला कर दिया. इसके बाद उसने फल विक्रेता आनंद किशोर गुप्ता को भी कैंची मारकर घायल कर दिया. लगातार तीन लोगों पर हमले से चौक पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गयी.

स्थानीय लोगों ने पकड़कर की पिटाई

घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गये. लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. कुछ स्थानीय लोगों ने युवक के नशे में होने की बात कही, जबकि कुछ लोगों के अनुसार उसका व्यवहार विक्षिप्त जैसा लग रहा था.

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसकी स्थिति को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया.

हमलावर के बारे में पुलिस को नहीं मिली जानकारी

जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि घटना में घायल किसी भी व्यक्ति की ओर से अब तक लिखित शिकायत नहीं दी गयी है. उन्होंने बताया कि हमलावर मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है. पुलिस के पास फिलहाल उसके नाम और पते की जानकारी नहीं है. मामले में आगे की कार्रवाई शिकायत और जांच के आधार पर की जाएगी.


विज्ञापन
विजय कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन