सूर्य से घर पर पैदा करें बिजली, भारी-भरकम बिल से पायें मुक्ति

Updated at : 28 Jan 2025 7:44 PM (IST)
विज्ञापन
सूर्य से घर पर पैदा करें बिजली, भारी-भरकम बिल से पायें मुक्ति

भारी-भरकम बिजली बिल से परेशान उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने 2024 में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरूआत की.

विज्ञापन

पीएम सूर्य घर योजना के तहत मुंगेर जिले को मिला है 420 घरों का लक्ष्य, अब तक 23 घरों में लगा है सौर ऊर्जा संयंत्र

मुंगेर. भारी-भरकम बिजली बिल से परेशान उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने 2024 में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरूआत की. जिसके तहत घरों में सोलर पैनल लगवाने के लिए सरकार की तरफ से सब्सिडी दी जा रही है. ताकि इस योजना से न सिर्फ उपभोक्ताओं को फ्री में बिजली का फायदा मिलेगा, बल्कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने में भी मदद मिलेगी. जैसे-जैसे उपभोक्ता इसका फायदा समझ रहे हैं, वैसे-वैसे इसके लिए आवेदन कर इसका लाभ उठा रहे हैं. जिले में अब तक 23 उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ उठाया है.

749 उपभोक्ताओं ने किया आवेदन, 23 को मिल चुका है लाभ

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मुंगेर जिला को 420 घरों का लक्ष्य मिला है. शुरूआती दौर में इस योजना का प्रचार-प्रसार सही ढंग से नहीं हो सका, जिसके कारण योजना को पंख नहीं लग सका. लेकिन विभाग ने जागरूकता के लिए जैसे-जैसे कार्रवाई तेज की, वैसे-वैसे उपभोक्ता इसके प्रति खींचते चले आ रहे है. जिले में अब तक 749 उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन किया है. जिसके तहत 23 उपभोक्ताओं को इस योजना के तहत लाभ दिया जा चुका है. उनके घरों के छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जा चुका है. जबकि 1 उपभोक्ता के घर पर सोलर पैनल लगाने की कार्रवाई की जा रही है. विभाग की माने तो शीघ्र ही शेष बचे आवेदन की जांच कर उनके घरों में वेंडर द्वारा सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की कार्रवाई पूरी की जायेगी.

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य

पीएम सूर्यघर योजना को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य विद्युत उपभोक्ताओं को इस महंगाई के दौर में बिजली के बिलों से राहत प्रदान करना है. इतना ही नहीं इस योजना के तहत सरकार लोगों को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए सब्सिडी भी प्रदान कर रही है, जितने ज्यादा सोलर पैनल लगेंगे उतना ही पर्यावरण को फायदा होगा, क्योंकि सोलर पैनल लगने के बाद बिजली का उत्पादन सौर ऊर्जा से होगा और कोयले से उत्पादन होना कम होगा, जिससे पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा. बिजली बिल से भी मुक्ति मिलेगी.

सोलर पैनल दो तरह के होते हैं. एक ऑफ ग्रिड, जिसमें सोलर सिस्टम के साथ बैटरी लगायी जाती है. उपभोक्ता सोलर सिस्टम से बनने वाली बिजली का उपयोग खुद करता है. दूसरा रूफटॉप, सोलर सिस्टम या ऑन ग्रिड. इसमें उपभोक्ता के सोलर पैनल से बनने वाली बिजली ग्रिड को दी जाती है. उपभोक्ता जितनी बिजली ग्रिड को देता है, उतने यूनिट बिजली उसके बिल से कम कर दी जाती है. विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगर कोई उपभोक्ता 2 किलोवॉट का भार वाला सोलर पैनल लगाते हैं, उससे प्रति दिन 4 से 5 यूनिट बिजली पैदा होगी. अगर उपभोक्ता 2 यूनिट बिजली खर्च करते हैं तो शेष बची बिजली विभाग को मिल जायेगी. जब अगले महीने का बिजली बिल उसका आयेगा तो शेष बचे यूनिट को उसमें एडजस्ट कर बिल उपभोक्ता को भेजा जायेगा. इससे उपभोक्ता को भारी भरकम बिजली बिल से भी मुक्ति मिलेगी.

किसे और कितनी सब्सिडी मिलेगी

अगर आप आवासीय छत पर सौर पैनल लगाने का प्लान बना रहे हैं तो आप सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सब्सिडी के लिए आवेदन कर सकते हैं. योजना के अंतर्गत आपको एक किलोवॉट से तीन किलोवॉट तक का सौर पैनल लगाने पर सब्सिडी मिलेगी. सब्सिडी का तीन टैरिफ रखा है. एक किलोवॉट पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट तक 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट के लिए कुल सब्सिडी 78 हजार रुपये मिलेगी.

पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना से जुड़ने के लिए किया जा रहा जागरूक

मुंगेर. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. विभागीय स्तर पर एक ओर जहां पोस्टर-बैनर लगाये जा रहे हैं, वहीं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में स्टॉल लगा कर इस योजना के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है. मंगलवार को इस योजना के तहत किला क्षेत्र में पोलो मैदान के पास स्टॉल लगाया गया. जहां पर विद्युत आपूर्ति मुंगेर सर्किल के वरीय प्रबंधक (एचआर) सह इस योजना के नोडल पदाधिकारी परमानंद एवं वरीय प्रबंधक (राजस्व) पंकज वर्णवाल वहां आने वाले लोगों को इस योजना की जानकारी दे रहे थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन