गैस उपभोक्ताओं ने अनियमितता का आरोप लगाते हुए किया सड़क जाम

Author Amit jha
Updated:
विज्ञापन
गैस उपभोक्ताओं ने अनियमितता का आरोप लगाते हुए किया सड़क जाम

पूर्व मध्य एशिया में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति में आये व्यवधान से शहर में एलपीजी गैस के लिए मारामारी मची हुई है.

विज्ञापन

करीब एक घंटा तक अल्बर्ट रोड की आवाजाही को किया बाधित

मौके पर पहुंची पुलिस ने उपभोक्ताओं को समझा बूझकर कराया शांत व छुड़ाया जाम

जमालपुर. पूर्व मध्य एशिया में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति में आये व्यवधान से शहर में एलपीजी गैस के लिए मारामारी मची हुई है. इस बीच मंगलवार की सुबह ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के अल्बर्ट रोड पर स्थित शिव पार्वती एचपी गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं ने गैस नहीं मिलने पर जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया. बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से उपभोक्ताओं को शांत कराया गया व जाम छुड़ाया गया.

जानकारी के अनुसार, सैकड़ों की संख्या में मंगलवार को गैस लेने के लिए उपभोक्ता एजेंसी पहुंचे थे, लेकिन उस समय न तो एजेंसी का कार्यालय खुला था और न ही वहां कोई कार्यालय कर्मी उपस्थित था. एजेंसी की इस लापरवाही को देखकर उपभोक्ता आक्रोशित हो उठे और अल्बर्ट रोड को जाम कर दिया. इस कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. उपभोक्ता पूजा कुमारी, सुजाता शर्मा, मीना देवी, अंशु कुमारी, नेहा कुमारी, सरिता कुमारी ने कहा कि उनके मोबाइल पर गैस डिलिवरी होने का मैसेज आ चुका है और सब्सिडी की राशि भी बैंक खाता में पहुंच गयी है, लेकिन हकीकत में अबतक गैस का सिलिंडर ही नहीं मिला है. जब गैस सिलिंडर लेने के लिए वह एजेंसी कार्यालय पहुंचती है तो यहां का कर्मचारी कल आना कहकर उन्हें टाल देते हैं. उपभोक्ताओं ने कहा कि उनके घर में चूल्हा नहीं जल रहा है. खाना बनाने की वैकल्पिक व्यवस्था के आधार पर घर में खाना बन रहा है. उपभोक्ता 10 से 15 दिनों से एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं और खाली हाथ घर वापस जा रहे हैं, जबकि दलालों को आसानी से गैस का सिलिंडर उपलब्ध हो जाता है. आलम यह है कि 4000 रुपये तक में गैस सिलिंडर बेचे जाते हैं. उपभोक्ताओं ने कहा कि जिला प्रशासन का दावा है कि गैस की किल्लत नहीं है और धावा दल का गठन किया गया है, परंतु गैस की कालाबाजारी लगातार जारी है. उपभोक्ताओं ने एजेंसी में आने वाले गैस सिलिंडर के स्टॉक की जांच की भी मांग की.

कहते हैं गैस एजेंसी संचालक

गैस एजेंसी के संचालक श्रीकांत यादव ने कहा कि गैस की गाड़ी ही नहीं आ रही है. जब स्टॉक में गैस उपलब्धि नहीं है तो उपभोक्ताओं को वितरण कैसे किया जायेगा.

विज्ञापन
अमित झा

लेखक के बारे में

By अमित झा

अमित झा प्रिंट माध्यम में 06 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन