डॉयल-112 पुलिस टीम पर हमला, प्राथमिकी दर्ज
Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 28 Apr 2026 8:52 PM
धरहरा थाना क्षेत्र के ईटवा हटिया चौक के पास सोमवार की देर रात पुलिस वाहन में टक्कर मारने पर मोटर साइकिल सवार को रोक कर पूछताछ करना महंगा पड़ गया.
हमलावर का बुलेट मोटरसाइकिल व मोबाइल जब्त
धरहरा. धरहरा थाना क्षेत्र के ईटवा हटिया चौक के पास सोमवार की देर रात पुलिस वाहन में टक्कर मारने पर मोटर साइकिल सवार को रोक कर पूछताछ करना महंगा पड़ गया. मोटर साइकिल सवार के बुलावे पर पहुंचे 20-25 की संख्या में लोगों ने डायल-112 टीम पर हमला कर लिया. हालांकि थाना से जब अतिरिक्त पुलिस बल पहुंची तो उससे पहले ही सभी लोग फरार हो गये. पुलिस ने बुलेट और एक मोबाइल जब्त किया है, जबकि इस मामले में धरहरा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.बताया जाता है कि सोमवार की रात करीब 10:48 बजे डायल-112 की पुलिस टीम नियमित गश्ती निकली थी. इसी दौरान बसंती मोड़ की ओर से तेज रफ्तार से आ रही काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल (बीआर08आर-0348) ने पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. टक्कर के बाद जब पुलिसकर्मियों ने बाइक सवारों से पूछताछ की, तो वे आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने लगे. इतना ही नहीं बाइक चालक ने फोन कर 25 से 35 लोगों को मौके पर बुला लिया. जिसने पुलिस टीम को घेरकर हमला कर दिया. हमलावरों ने लात-घूंसे चलाते हुए पुलिसकर्मियों का हथियार छीनने की भी कोशिश की. महिला सिपाही के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. महिला सिपाही के शोर मचाने पर अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें सुरक्षित निकाला. सूचना पर धरहरा थाना से पुअनि नेहा कुमारी, प्रीतम कुमार, सअनि मो शरीफुल हक दल बल के साथ पहुंचे, लेकिन अतिरिक्त पुलिस आते देख सभी हमलावर भाग गये.
कहते हैं थानाध्यक्ष
धरहरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में पीटीसी सुभाष चंद्र कुमार साह के बयान पर धरहरा थाना कांड संख्या 61/2026 किया गया है. घटनास्थल से पुलिस ने काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल और एक मोबाइल जब्त किया गया है. हमलावरों की पहचान कर ली गयी है. जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










