धरहरा प्रखंड कार्यालय में पानी की किल्लत, शोपीस बना फ्रिजर

धरहरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में इन दिनों मूलभूत सुविधा की कमी ऐसी है कि यहां आने वाले लोगों के साथ यहां के कर्मचारियों को पीने का पानी तक नहीं मिल पा रहा है
उदासीनता. प्रखंड कार्यालय आने वाले लोग पानी के लिए कैंटीन व दुकानों पर निर्भर धरहरा. धरहरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में इन दिनों मूलभूत सुविधा की कमी ऐसी है कि यहां आने वाले लोगों के साथ यहां के कर्मचारियों को पीने का पानी तक नहीं मिल पा रहा है, जबकि यहां आम लोगों की सुविधा के लिए लगाया गया वाटर फ्रिजर महज दिखावा बनकर रह गया है. गर्मी के बीच कार्यालय आने वाले लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. प्रखंड कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों जैसे प्रमाण पत्र बनवाने, जमीन संबंधी मामलों और अन्य प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन के लिए पहुंचते हैं. इधर, गर्मी भी अब बढ़ने लगी है. गर्मी को देखते हुए लोगों की सुविधा के लिए परिसर में ठंडे पानी की व्यवस्था को लेकर वाटर फ्रिजर तो लगा है, लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है. कार्यालय पहुंचे पवन कुमार, संतोष यादव, धर्मेंद्र कुमार, राहुल कुमार और गौरव कुमार सहित कई लोगों ने बताया कि फ्रिजर से पानी ही नहीं निकल रहा है. पास लगे पैनल से पानी चालू करने की कोशिश भी की गयी, लेकिन टंकी में पानी ही नहीं पहुंच रहा था. मजबूरन उन्हें अपनी प्यास बुझाने के लिए कार्यालय परिसर स्थित कैंटीन से पानी खरीदकर पीना पड़ा. लोगों का कहना है कि जब सरकारी कार्यालय में ही बुनियादी सुविधाओं का यह हाल है तो आम जनता को मिलने वाली अन्य सुविधाओं का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है. यह स्थिति न केवल प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है, बल्कि आम लोगों की परेशानी को भी उजागर करती है. लोगों ने प्रशासन से अविलंब इस समस्या के समाधान की मांग की, ताकि कार्यालय आने वाले लोगों को कम से कम पीने के पानी जैसी आवश्यक सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




