डिप्टी सीएम आज नर्मदेश्वर ज्योति शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा समारोह में होंगे शामिल

प्रखंड की मुरादे पंचायत अंतर्गत राम बिहारीपुर गांव में शनिवार को दिव्य नर्मदेश्वर महादेव ज्योति शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की जायेगी.
हवेली खड़गपुर. प्रखंड की मुरादे पंचायत अंतर्गत राम बिहारीपुर गांव में शनिवार को दिव्य नर्मदेश्वर महादेव ज्योति शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की जायेगी. इस कार्यक्रम में बिहार के डिप्टी सीएम सह तारापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सम्राट चौधरी शामिल होंगे. जानकारी देते रंजीत कुमार, राजीव कुमार और मुकेश कुमार ने बताया कि शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है. माननीय मंत्री के आगमन से न केवल धार्मिक उत्साह बढ़ेगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी. ग्रामीणों का मानना है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर खड़गपुर में पर्यटन विकास के तहत भीमबांध, खड़गपुर झील सहित कई योजनाएं संचालित है, जिनमें और तेजी आएगी. ज्ञात हो कि गुरुवार को प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई थी. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों द्वारा विधि-विधान से अनुष्ठान जारी है.
———————————ग्रामीण चिकित्सकों का वार्षिकोत्सव सह मिलन समारोह आज
हवेली खड़गपुर. भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ, खड़गपुर की ओर से शनिवार को प्रखंड मुख्यालय में वार्षिकोत्सव सह सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा. जानकारी देते हुए संघ के प्रखंड शाखा अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि यह आयोजन ग्रामीण चिकित्सकों के सम्मान, एकता और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. इस कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ, अनुभवी एवं विशिष्ट चिकित्सकों को सम्मानित किया जायेगा. इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुबोध कुमार, डॉ. बीडी सिंह, डॉ. अजय कुमार, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. बिट्टू, डॉ. अर्चना, डॉ. विकास कुमार तथा डॉ. संजीव कुमार सहित अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सक शामिल होंगे. साथ ही खड़गपुर, धरहरा, जमालपुर, संग्रामपुर, तारापुर एवं सदर मुंगेर के ग्रामीण चिकित्सक भी भाग लेंगे. जिन्हें संघ द्वारा सम्मानित किया जायेगा.—————————————
महाशिवरात्रि पर होगा निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह
हवेली खड़गपुर. आगामी 15 फरवरी को नगर के मारवाड़ी टोला में महाशिवरात्रि के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार, खड़गपुर शाखा की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा. प्रखंड प्रतिनिधि संजीव कुमार ने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया जायेगा. विवाह में वर-वधू के लिए आवश्यक वैवाहिक सामग्री, कन्यादान सामग्री तथा सामूहिक भोजन की भी निःशुल्क व्यवस्था रहेगी. समारोह सादगी, समानता और संस्कार आधारित वैवाहिक परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि समाज में समरसता और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में योग्य वर-वधू के पंजीकरण के लिए इच्छुक अभिभावक संपर्क कर सकते है.
————————————दो नामजद आरोपित पति-पत्नी व एक वारंटी गिरफ्तार
हवेली खड़गपुर. खड़गपुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो नामजद अभियुक्त एवं एक वारंटी को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में खड़गपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव से मारपीट मामले में शशि भूषण मांझी तथा उसकी पत्नी बबिता देवी को गिरफ्तार किया गया. जबकि फरार वारंटी महादेवपुर गांव निवासी ब्रह्मदेव मंडल के पुत्र अबोध मंडल को भी गिरफ्तार किया गया. तीनों गिरफ्तार आरोपित को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.————————-
कीटनाशक दवा खाकर शिक्षक ने किया आत्महत्या का प्रयास
हवेली खड़गपुर. खड़गपुर थाना क्षेत्र के धपरा गांव में शुक्रवार को एक शिक्षक ने घरेलू कलह से तंग आकर कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. दवा सेवन करने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने आनन-फानन उसे अनुमंडलीय अस्पताल खड़गपुर में भर्ती कराया. जहां चिकितसक ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु मुंगेर रेफर कर दिया. जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के धपरा गांव निवासी रामस्वरूप दास का पुत्र दिनेश रविदास ने घरेलू कलह से तंग आकर घर में रखे चूहा मारने की दवा खा लिया. जिससे उसकी हालत बिगड़ गयी.
————————————–दो वारंटी गिरफ्तार
असरगंज. समकालीन अभियान के तहत असरगंज थाना पुलिस ने दो वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इस संबंध में थानाध्यक्ष विपुल कुमार ने बताया कि समकालीन अभियान के तहत की गई छापेमारी में फरार चल रहे दो वारंटी को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार वारंटी असरगंज थाना क्षेत्र के ममई गांव निवासी संजय यादव तथा मासूमगंज के इश्तिहार वारंटी अमित कुमार है. दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




