आज आयेंगे सीएम, विकास योजनाओं की देंगे सौगात

Updated at : 18 Mar 2026 11:17 PM (IST)
विज्ञापन
आज आयेंगे सीएम, विकास योजनाओं की देंगे सौगात

समृद्धि यात्रा में 118 करोड़ की योजनाओं का करेंगे उद्घाटन व शिलान्यास

विज्ञापन

पोलो मैदान में सुबह 10:20 बजे उतरेंगे सीएम, ढाई घंटे तक रहेंगे मुंगेर में

सुरक्षा के पुख्ता इंजाम, चप्पे-चप्पे पर तैनात किये गये दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी

मुंगेर. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान मुंगेर पहुंच रहे हैं. इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. एक ओर जहां सीएम के आगमन से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए कारकेड और सुरक्षा बलों की ओर से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. वहीं जिलाधिकारी निखिल धनराज एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व जवानों को ब्रीफिंग दी.

ढाई घंटे तक मुंगेर में रहेंगे सीएम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हेलीकॉप्टर गुरुवार की सुबह 10:20 बजे पोलो मैदान में बनाये गये हेलिपैड पर उतरेगा. जहां से वे सड़क मार्ग से नवनिर्मित जिला उद्योग भवन जायेंगे और उसका उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही उद्योग विभाग के स्टॉल का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद सीएम कष्टहरणी घाट पहुंचेंगे और वहां चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करेंगे. वहीं पर मरीन ड्राइव एलाइनमेंट का अवलोकन करेंगे. इसके बाद सीएम किला स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र भवन का उद्घाटन एवं निरीक्षण करेंगे. जहां से वे सीधे भगत सिंह चौक स्थित पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी उद्योग के संयुक्त भवन पहुंचेंगे और उद्घाटन करेंगे. जहां से उनका कारकेड सीधे हवाई अड्डा के लिए प्रस्थान करेगा. जहां योजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के उपरांत वे जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे. अपराह्न 12:32 बजे हवाई अड्डा परिसर स्थित हेलिपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा अन्य जिला के लिए प्रस्थान करेंगे.

सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम, डीएम-एसपी ने की ब्रीफिंग

सीएम आगमन को लेकर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है. शहर के कई जगहों पर आयोजित उद्घाटन व निरीक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे. मुंगेर से हवाई अड्डा मैदान तक 4.9 किलोमीटर सड़क मार्ग होकर सीएम का कारकेड हवाई अड्डा पहुंचेगा. सुरक्षा के दृष्टिकोण से जहां पूरे मार्ग में बैरिकेडिंग की गयी है. वहीं जगह-जगह ड्राॅप गेट बनाये गये हैं. सड़क से जोड़ने वाले संपर्क पथों में भी ड्राॅप गेट बनाया गया है, ताकि जब सीएम का कारकेड गुजरे, तो अन्य परिचालन को रोका जा सके. जगह-जगह दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को तैनात किया गया है. क्यूआरटी सीएम आगमन से पूर्व ही क्षेत्र में भ्रमणशील रहेगी. इतना ही नहीं वरीय अधिकारियों व दंडाधिकारियों को भी सैक्टर में बांट कर सुरक्षा की जबावदेही तय की गयी. किला क्षेत्र और कार्यक्रम स्थल से लेकर पूरे मार्ग में सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिसबलों को तैनात किया गया है. इधर संबंधित तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी निखिल धनराज और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की. सुरक्षा व अन्य व्यवस्था के संबंध में पदाधिकारियों को बताया गया. ससमय प्रतिनियुक्त स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिया गया. साथ ही निर्धारित यातायात व्यवस्था पर बिंदुवार ब्रीफिंग की. इसके साथ ही मुख्यमंत्री के कारकेड का रिहर्सल भी कराया गया. जबकि मुंगेर सदर अस्पताल का भी सीएम सुरक्षा को लेकर पटना से पहुंचे सुरक्षा पदाधिकारियों और जवानों ने जायजा लिया.

118 करोड़ की योजना का करेंगे उद्घाटन व शिलान्यास

मुख्यमंत्री समृद्धि यात्रा के दौरान कुल 118 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. सीएम जहां 3159.97 लाख रुपये की प्राक्कलित राशि की 24 योजनाओं का शिलान्यास हवाई अड्डा से करेंगे. वहीं 8718.51 लाख की लागत से तैयार योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इसको लेकर जिला उद्योग केंद्र के नवनिर्मित भवन, कष्टहरणी घाट, पशुपालन विभाग को दुल्हन की तरह सजाया गया है.

हवाई अड्डा में पंडाल बन तैयार, 16 विभागों का रहेगा स्टॉल

सीएम का मुख्य कार्यक्रम हवाई अड्डा में होगा. जहां वे न सिर्फ एकीकृत विकास योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे. वहीं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. वहां आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे. इसको लेकर वहां विशाल हैंगर ( पंडाल ) का निर्माण कराया गया है. बैठने के लिए कुर्सिंया लगायी गयी है. यहां पर जीविका सहित 16 विभागों की ओर से विभागीय प्रदर्शनी स्टॉल लगाया गया है, जिसका सीएम द्वारा निरीक्षण किया जायेगा. इस दौरान कई विभागों द्वारा लाभुकों को सीएम के हाथों चैक भी प्रदान किया जायेगा.

सीएम आगमन को लेकर बदला-बदला नजर आ रहा शहर

सीएम आगमन को लेकर अपना मुंगेर शहर काफी बदला-बदला नजर आ रहा है. एक ओर जहां किला क्षेत्र के साथ ही एक नंबर ट्रैफिक, कोतवाली मोड़, अस्पताल रोड, कौड़ा मैदान चौक, मुंगेर-जमालपुर मुख्य मार्ग अचानक अतिक्रमण मुक्त हो गया है. वहीं दूसरी ओर किला में सड़क के काली-करण के साथ ही पेवर ब्लॉक बिछाया गया है. सीएम आगमन को लेकर पोलो मैदान के अंदरूनी दीवार, मुंगेर परिसदन की दीवार सहित अन्य दीवारों पर आकर्षक थ्रीडी पेंटिंग की गयी है. इससे किला क्षेत्र की सुंदरता देखते ही बन रही है.

कहते हैं जिलाधिकारी

जिलाधिकारी निखिल धनराज ने बताया कि सीएम के समृद्धि यात्रा की तैयारी पूरी कर ली गयी है. इस दौरान सीएम 118 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. सीएम कष्टहरणी घाट पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करेंगे और मरीन ड्राइव के नये एलाइनमेंट का अवलोकन करेंगे. हवाई अड्डा पर स्टॉल निरीक्षण करेंगे और वहां आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे. विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित लाभुकों के बीच सीएम द्वारा चेक का वितरण किया जायेगा.

कहते हैं एसपी

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बातया कि सीएम आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी व जवानों की चप्पे-चप्पे में प्रतिनियुक्ति की गयी है. छह क्यूआरटी गठित की गयी है, जो क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगी. ट्रैफिक के लिए अलग से जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया है. जगह-जगह बैरिकेडिंग के साथ ड्राॅप गेट बनाया गया है.

3159.97 लाख की 24 योजना का करेंगे शिलान्यास

सीएम समृद्धि यात्रा के दौरान 3159.97 लाख की प्राक्कलित राशि के विकासात्मक 24 योजना का शिलान्यास करेंगे. इसमें भवन निर्माण विभाग की ओर से हवेली खड़गपुर प्रखंड में 490.00 लाख से बनने वाले 100 बेड वाले राजकीय आवासीय कल्याण बालक छात्रावास, पंचायत राज विभाग की ओर से धरहरा प्रखंड में 64.77 लाख से धरहरा दक्षिण पंचायत के काली स्थान एवं दुर्गा स्थान परिसर में चहारदीवारी, पेवर ब्लॉक, स्ट्रीट लाइट, रंगमंच निर्माण कार्य, इसी प्रखंड में जिला परिषद की भूमि पर 60.59 लाख से बनने वाले बहुउद्देशीय भवन के परिसर के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य, इसी प्रखंड में 31.80 लाख की लागत से जिला परिषद की भूमि पर बहुउद्देशीय भवन के चहारदीवारी का निर्माण कार्य शामिल है. जबकि 58.73 लाख की लागत से बनने वाली नगर परिषद जमालपुर अंतर्गत ईदगाह रोड में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य, जमालपुर में 77.31 लाख से बनने वाली जनता मोड से दास टोला एवं आनंदमार्ग में पीसीसी सड़क निर्माण, 304.10 लाख की लागत से बनने वाली जमालपुर के धरहरा-फुलका रोड, 124.50 लाख से जमालपुर के फरीदपुर टीओपी से फरीदपुर बस्ती से कपिल देव मंडल के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य शामिल है. नगर पंचायत तारापुर में 63.62 लाख, 48.74 लाख से बनने वाली सड़क व ढक्कनयुक्त नाला का निर्माण कार्य शामिल है. मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में करोड़ों की लागत से बनने वाली पीसीसी सड़क, क्रास नाला, नाला का निर्माण कार्य शामिल है. समाज कल्याण विभाग के आरआईडीएफ नाबार्ड द्वारा 138.00 लाख से बनने वाले 23 आंगनबाड़ी केंद्र, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम द्वारा 204.66 लाख से बनने वाली जिला अभियोजन कार्यालय का विद्युतीकरण सहित निर्माण कार्य, पूरबसराय थाना के बदले पुलिस केंद्र मुंगेर मुंगेर में 35.42 लाख से बनने वाली 10 महिला बैरक का विद्युतीकरण सहित निर्माण कार्य शामिल है.

8718.51 लाख से निर्मित योजनाओं का सीएम करेंगे उद्घाटन

सीएम द्वारा 8718.51 लाख से निर्मित योजनाओं का उद्घाटन किया जायेगा. इसमें 1092.85 लाख की लागत से बने जिला पशुपालन एवं जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र, 107.69 लाख से बने प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय ठाडा टेटियाबंबर, 193.69 करोड़ से बने जिला उद्योग केंद्र मुंगेर का नवनिर्मित कार्यालय भवन, 305.00 लाख से जमालपुर पंखंड के सिंघिया पंचायत में बने पंचायत सरकार भवन, 38.65 लाख से असरगंज के प्राथमिक विद्यालय बिंद टोला दुलहर में बने 4 अतिरिक्त वर्ग कक्ष, 25.92 लाख से असरगंज के प्राथमिक विद्यालय सजुआ (अनु. जाति) में बने 2 अतिरिक्त वर्ग कक्ष, 38.65 लाख से असरगंज के म.वि. ममई में बने 4 अतिरिक्त वर्गकक्ष, 39.66 लाख से मवि माधोपुर मुंगेर में बने 4 अतिरिक्त वर्ग कक्ष, 34.91 लाख से मवि महावीर स्थान छोटी महुली मुंगेर में बने 3 अतिरिक्त वर्ग कक्ष सहित एक दर्जन से अधिक विद्यालयों में बनाये गये वर्ग कक्ष आदि शामिल हैं. 460.00 लाख से सदर प्रखंड मुंगेर में बने 1 शिक्षा भवन, 246.85 लाख से तारापुर प्रखंड के धोबई में बने पंचायत सरकार भवन, 274.47 लाख से हवेली खड़गपुर के गंगटा पंचायत में बने पंचायत सरकार भवन समेत कुल 52 योजना शामिल हैं.

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन