ePaper

विलंब से पहुंचे दर्जनों परीक्षार्थियों की छूटी पहले दिन इंटर की परीक्षा, परेशान रहे विद्यार्थी

Updated at : 02 Feb 2026 7:46 PM (IST)
विज्ञापन
विलंब से पहुंचे दर्जनों परीक्षार्थियों की छूटी पहले दिन इंटर की परीक्षा, परेशान रहे विद्यार्थी

दूसरी पाली में कला एवं विज्ञान संकाय के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा ली गयी.

विज्ञापन

– जिले के 25 केंद्रों पर इंटरमीडिएट परीक्षा प्रारंभ, डीएम व एसपी ने किये केंद्रों का लिया जायजा

मुंगेर

————————-

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा सोमवार से जिले के 25 केंद्रों पर आरंभ हुई. पहले दिन की परीक्षा में कुल 9,482 परीक्षार्थियों में 9,289 उपस्थित तथा 193 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. वही परीक्षा के पहले दिन किसी भी परीक्षार्थी को कदाचार के आरोप में परीक्षा से निष्कासित नहीं किया गया. इधर पहले दिन की परीक्षा में विभिन्न केंद्रों पर दर्जनों परीक्षार्थी विलंब से पहुंचे. जिसके कारण उन्हें केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया. इस दौरान अधिकांश केंद्रों पर ऐसे विद्यार्थी रोते-बिलखते नजर आये.

पहले दिन 193 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

इंटरमीडिएट के पहले दिन की परीक्षा दो पालियों में ली गयी. जिसमें प्रथम पाली में विज्ञान संकाय के बायोलॉजी और कला संकाय के फिलॉस्फी विषय की परीक्षा हुयी. जिसमें कुल 8,790 परीक्षार्थियों में 8,612 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 178 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. जबकि दूसरी पाली में कला एवं विज्ञान संकाय के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा ली गयी. जिसमें कुल 692 परीक्षार्थियों में 677 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 15 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. इधर अब दूसरे दिन की परीक्षा मंगलवार को दो पालियों में होगी. जिसमें प्रथम पाली में कला एवं विज्ञान संकाय के गणित विषय की परीक्षा होगी. जबकि दूसरी पाली में कला संकाय के राजनीति विज्ञान तथा वोकेशनल कोर्स के फाउंडेशन कोर्स विषय की परीक्षा ली जायेगी.

कई केंद्रों पर विलंब से पहुंचे विद्यार्थियों की छूटी परीक्षा

इंटर परीक्षा के पहले दिन जिला मुख्यालय सहित जिले के हवेली खड़गपुर, बरियारपुर तथा जमालपुर प्रखंड के कई केंद्रों पर दर्जनों विद्यार्थियों के विलंब से पहुंचने के कारण उनकी परीक्षा छूट गयी. विलंब से पहुंचे इन विद्यार्थियों को केंद्र में प्रवेश के लिये रोक दिये जाने के बाद ऐसे विद्यार्थी केंद्र के बाहर रोते-बिलखते दिखे. जबकि उनके अभिभावक केंद्राधीक्षकों से उनके बच्चों को केंद्र में प्रवेश देने की विनती करते रहें. हलांकि परीक्षा समिति के गाइडलाइन के अनुसार केंद्र में प्रवेश के लिये समय निर्धारित रहने के कारण विलंब से पहुंचे दर्जनों विद्यार्थियों की परीक्षा छूट गयी.

—————————————

बॉक्स

—————————————

जिलाधिकारी ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

मुंगेर : इंटर परीक्षा के पहले दिन कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन लगातार परीक्षा केंद्रों सहित आसपास के इलाकों में गश्त करते नजर आये. जबकि जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों की गहनता पूर्वक जांच की. जिलाधिकारी ने बताया कि सोमवार से जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा प्रारंभ हो गया है. जो प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में कदाचारमुक्त संपन्न कराया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित सारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.———————————

बॉक्स

——————————–

विलंब के कारण दर्जनों परीथार्थी परीक्षा से हुए वंचित

फोटो संख्या –

फोटो कैप्शन – 14. बरियारपुर में परीक्षा से वंचित छात्र

जमालपुर : जमालपुर प्रखंड में सोमवार को तीन केंद्र पर इंटर की परीक्षा आरंभ हो गयी. इस बीच 3 मिनट विलंब से एनसी घोष बालिका प्लस टू विद्यालय केंद्र पर पहुंचने वाली तीन छात्रों की इंटर की परीक्षा छूट गई. बताया गया है कि प्रथम पाली के लिए सुबह 8:00 बजे से 9:00 तक परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति है. एनसी घोष बालिका प्लस टू विद्यालय पर मात्र 3 मिनट विलंब से पहुंचने के कारण तीन परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं मिली. इन परीक्षार्थियों में एक परीक्षार्थी लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि वह ई रिक्शा से परीक्षा केंद्र आ रही थी. रास्ते में जाम के कारण मात्र 3 मिनट विलंब पहुंचने के बाद भी उसे प्रवेश की अनुमति नहीं मिली. उसके साथ अन्य दो परीक्षार्थियों ने भी स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार पर गुहार लगाती रही, परंतु मुख्य प्रवेश द्वार से ही उन्हें वापस लौटा दिया गया.

हवेली खड़गपुर

– खड़गपुर अनुमंडल में बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर चार परीक्षा केंद्र पर सोमवार से आरंभ हो गयी. जिसमें निर्धारित समय से लेट पहुंचे दो परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं मिला. नगर क्षेत्र स्थित राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय को आदर्श परीक्षा केंद्र बनाया गया है. जहां निर्धारित समय 9 बजे के बाद पांच परीक्षार्थी पहुंचे थे. हलांकि अनुमंडल पदाधिकारी ने कड़ा निर्देश देते हुए पांचों परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दे दिया, लेकिन 9:15 बजे पहुंची बिच्ची चांचर गांव निवासी अनिशा कुमारी और प्लस टू उच्च विद्यालय लोहची की छात्रा प्रियंका कुमारी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया. प्रियंका कुमारी ने बताया कि भागलपुर के नाथनगर से ई-रिक्शा लेकर वह केंद्र पर पहुंची थी. जिसके कारण वह लेट हो गयी. वही अनिशा कुमारी ने बताया कि उसका घर परीक्षा केंद्र से 15 किलोमीटर दूर है. जाम के कारण वह समय पर नहीं पहुंच पायी. इस दौरान दोनों परिजन भी केंद्राधीक्षक से प्रवेश की अनुमति मांगते रहे. जबकि दोनों छात्राएं अपने भविष्य को लेकर रोती रही.

बरियारपुर –

प्रखंड के फिलिप उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय सुबह 9 बजे के बाद तीन परीक्षार्थियों के विलंब से पहुंचने के कारण उन्हें केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया. बताया गया कि परीक्षार्थी अंकित कुमार, संदीप कुमार, रोशन कुमार और मुकेश कुमार टुडू परीक्षा केंद्र पर 2 मिनट से लेकर 5 मिनट लेट पहुंचें थे. इस दौरान कुछ विद्यार्थी दीवार फांदकर परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश कर गये, लेकिन सुरक्षाकर्मी द्वारा उन्हें मुख्य गेट से दोबारा बाहर कर दिया गया. इस दौरान सभी परीक्षार्थी रो-रो कर अपने भविष्य की दुहाई देते रहे और केंद्राधीक्षक से केंद्र में प्रवेश का अनुरोध करते रहे. हलांकि आखिरकार केंद्र में प्रवेश नहीं मिलने के कारण उनकी परीक्षाएं छूट गयी.

इंटर परीक्षा के पहले दिन 17 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

तारापुर – बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटर की परीक्षा सोमवार से अनुमंडल क्षेत्र में निर्धारित चार केंद्रों पर आरंभ हो गयी. जिसमें पहले दिन कुल 1,150 परीक्षार्थी में 1,133 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 17 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा को लेकर उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिहमा को आदर्श परीक्षा केंद्र बनाया गया था. हलांकि प्रखंड के विभिन्न केंद्रों पर पहली पाली में निर्धारित समय से विलंब से पहुंचने पर 6 परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश पर रोक दिया गया. जिसके कारण ऐसे विद्यार्थी परेशान रहे.

विज्ञापन
AMIT JHA

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन