योजनाओं को सूचीबद्ध नहीं किये जाने पर पंस की बैठक का किया बहिष्कार

कोरम के अभाव में पंचायत समिति की सामान्य बैठक स्थगित
हवेली खड़गपुर. प्रखंड मुख्यालय स्थित ट्रॉयसेम भवन में शनिवार को आयोजित पंचायत समिति सदस्यों की सामान्य बैठक कोरम के अभाव में स्थगित कर दी गयी. बैठक में उपस्थित कुल 24 पंचायत समिति सदस्यों में 10 सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया. इसके कारण कोरम के अभाव में बैठक को स्थगित कर दिया गया. बैठक के आरंभ होने पर उसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सीमा देवी ने की, जबकि संचालन बीडीओ प्रियंका कुमारी ने किया. बैठक के एजेंडे में पंचायत समिति सदस्यों की योजनाओं को सूचीबद्ध नहीं किये जाने और संबंधित योजनाओं को पोर्टल पर अपलोड नहीं करने का मुद्दा उठाते हुए 10 पंचायत समिति सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया और बैठक का बहिष्कार कर दिया. बहिष्कार करने वाले सदस्यों में शैलेंद्र कुमार उर्फ साधु यादव, ज्योतिष पासवान, पमपम देवी सहित अन्य शामिल थे. सदस्यों ने आरोप लगाया कि बीडीओ द्वारा उनके पंचायतों की योजनाओं को न तो सूचीबद्ध किया गया है और न ही पोर्टल पर अपलोड किया गया है. इसी के विरोध में उन्होंने उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर करने से इनकार करते हुए बैठक का बहिष्कार किया. वहीं प्रखंड प्रमुख सीमा देवी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कुछ पंचायत समिति सदस्य जानबूझकर अपने पंचायत और पूरे प्रखंड के विकास कार्यों को बाधित करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि सदस्य बैठक में उपस्थित रहकर अपनी बातें रख सकते थे, लेकिन उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर नहीं करने के कारण कोरम पूरा नहीं हो सका. इससे बैठक को स्थगित करना पड़ा. बैठक में उपप्रमुख गौतम यादव, बीपीआरओ आशीष कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार मनीष, बीसीओ तृष्णा कुमारी, पीएचईडी के कनीय अभियंता संजय किरण, कल्याण पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सहित नवल किशोर सिंह, नरेश बिन्द, मुखिया कुंदन मंडल, जितेंद्र कुमार, द्वारिका प्रसाद सिंह, गौतम मंडल सहित मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




