आर्यन अपहरण कांड का चंद घंटों में खुलासा, रिश्ते में बहनोई ही निकला मुख्य आरोपी

Updated:
विज्ञापन
आर्यन अपहरण कांड का चंद घंटों में खुलासा, रिश्ते में बहनोई ही निकला मुख्य आरोपी

मुंगेर पुलिस ने स्कूली छात्र आर्यन के अपहरण मामले का चंद घंटों में खुलासा करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया है. जांच में पता चला कि आपसी रंजिश के कारण रिश्ते में बहनोई लगने वाले युवक ने ही अपहरण की साजिश रची थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.

विज्ञापन

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट: पुलिस ने शहर के बहुचर्चित आर्यन अपहरण कांड का त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर दिया है. पुलिस ने न केवल अपहृत बालक को सकुशल बरामद किया, बल्कि मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अपहरण की इस साजिश को किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि बालक के अपने ही बहनोई ने अंजाम दिया था.

स्कूल से घर लौटने के दौरान हुआ था अपहरण

घटना के संबंध में बताया जाता है कि लाल दरवाजा लॉ कॉलेज निवासी रूपेश साह का पुत्र आर्यन बीते दिन जब स्कूल से घर लौट रहा था, तभी रास्ते से उसका अपहरण कर लिया गया. बालक के घर न पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. एसपी के निर्देश पर कोतवाली थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की.

पारिवारिक विवाद में बदला लेने के लिए रची साजिश

पुलिस की सक्रियता के कारण महज कुछ ही घंटों के भीतर अपहरणकर्ता को दबोच लिया गया और आर्यन को सुरक्षित बचा लिया गया. गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी से पूछताछ हुई, तो पुलिस भी दंग रह गई. आरोपी रिश्ते में आर्यन का बहनोई निकलता है. पूछताछ में खुलासा हुआ कि पारिवारिक विवाद के चलते वह परिजनों से नाराज था और बदला लेने की नीयत से उसने मासूम आर्यन का अपहरण किया था.

बालक सकुशल बरामद, आरोपी भेजा गया जेल

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपहृत आर्यन को उसके परिजनों को सौंप दिया है. अपने लाडले को सही-सलामत पाकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है. कोतवाली थाना पुलिस आरोपी बहनोई से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना में किसी अन्य की संलिप्तता की जांच की जा सके. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी पूरी कर ली है.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन