ePaper

भारत की जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारी शुरू

Updated at : 28 Feb 2026 11:55 PM (IST)
विज्ञापन
भारत की जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारी शुरू

23 मार्च से प्रारंभ होगा फिल्ड ट्रेनर का प्रशिक्षण

विज्ञापन

मुंगेर के दो अधिकारियों ने पटना में लिया जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण, 23 मार्च से देंगे फिल्ड ट्रेनर को प्रशिक्षण

मुंगेर. दो चरणों में होने वाली भारत की जनगणना का प्रथम चरण 2 मई 2026 से प्रारंभ होगा. दूसरा चरण 28 फरवरी 2027 तक चलेगा. सबसे अहम बात यह है कि यह जनगणना कार्य पूरी तरह से डिजिटल मोड में होगा. इसे सफलतापूर्वक व त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. जिले के दो अधिकारियों ने जहां जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया है, वहीं अब फिल्ड ट्रेनर को प्रशिक्षण देने की तैयारी की जा रही है.

लंबे इंतजार के बाद शुरू होगी भारत की जनगणना

बताया गया कि कोविड-19 महामारी के कारण जनगणना का कार्य समय पर नहीं हो सका था, लेकिन अब 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इसकी औपचारिक शुरुआत हो चुकी है. स्व-गणना के तहत मोबाइल ऐप के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 के बीच दर्ज कर सकेंगे. जिसके बाद प्रगणक भौतिक रूप से घर-घर जाकर डेटा संकलन का कार्य 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक करेंगे. देश के इतिहास में पहली बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया पेपरलेस और डिजिटल होगी. डेटा संकलन के लिए मोबाइल एप और सेंसस मॉनिटरिंग एंड मैनेजमेंट सिस्टम का उपयोग किया जायेगा. इससे आंकड़ों का संग्रह अधिक तेज और पारदर्शी होगा, जिससे डेटा की विश्वसनीयता बढ़ेगी.

प्रगणक पूछेंगे नागरिकों से 33 सवाल

प्रगणक घर-घर सर्वेक्षण के दौरान मकान सूचीकरण करेंगे. इस दौरान नागरिकों से कुल 33 सवाल पूछे जायेंगे. सर्वेक्षण के दौरान जनगणना अधिकारी घर के संबंध में सात सवाल करेंगे. इसमें मकान नंबर, जनगणना मकान संख्या, घर किस फर्श का है, घर के दीवाल की सामग्री, घर के छत की सामग्री, घर का उपयोग, घर की स्थिति शामिल है. जबकि घर की बुनियादी जरूरतों को लेकर पूछे जाने वाले सवालों में पेयजल का स्रोत, पेयजल की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुलभता, किस प्रकार का शौचालय, गंदे पानी का निकास, स्नानगृह की उपलब्धता, रसोईघर की उपलब्धता (एलपीजी, पीएनजी ), खाना पकाने का मुख्य साधन ( प्यूल), परिवार के खाने का मुख्य अनाज शामिल है. परिवार के संबंध में परिवार की संख्या, घर में कितने जन रहते हैं, परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के मुखिया का लिंग, परिवार के मुखिया की जाति, घर स्वयं के नाम है या किराया पर है, घर में कितने कमरे हैं, घर में कितने विवाहित परिवार रहते हैं सवाल पूछे जाएंगे. घरेलू उपकरणों की उपलब्धता को लेकर भी सवाल किया जायेगा. इसमें रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप-कंप्यूटर, टेलीफोन, मोबाइल फोन, स्मार्ट फोन, साइकिल, स्कूटर, मोटर साइकिल, मोपेड, कार, जीप, वैन, मोबाइल नंबर को लेकर सवाल किया जायेगा.

छिपाएं नहीं, पूछे गये सवालों पर दें सही जानकारी

जनगणना एक लीगल प्रोसेस है और जानकारी देना नागरिक कर्तव्य माना जाता है. अगर कोई व्यक्ति जानकारी देने से इनकार करता है या गलत सूचना देता है. तो जुर्माने का प्रावधान है. लेकिन इससे नागरिकता पर कोई असर नहीं पड़ता. नागरिकता तय करने के लिए अलग कानून और प्रोसेस लागू होती है. जनगणना का मकसद किसी की पहचान पर सवाल उठाना नहीं है. असल मकसद यह समझना है कि देश के किस हिस्से में किन सुविधाओं की जरूरत है. सही जानकारी मिलने पर ही स्कूल, अस्पताल, सड़क और अन्य योजनाओं का बजट सही ढंग से तय किया जा सकता है. इसलिए सहयोग देना आपके इलाके के डेवलपमेंट से जुड़ा हुआ है.

60 फिल्ड ट्रेनर को मिलेगा प्रशिक्षण

मिली जानकारी के अनुसार, जिला के दो पदाधिकारियों को मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण के लिए चुना गया. दोनों ने पटना में जाकर मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण प्राप्त किया है. अब मास्टर ट्रेनर चयनित 60 फिल्ड ट्रेनर को प्रशिक्षण देंगे. फिल्ड ट्रेनर का प्रशिक्षण 23 मार्च से प्रारंभ होगा, जो 28 मार्च 2026 तक चलेगा. फिल्ड ट्रेनर ही क्षेत्र में जनगणना कार्य के लिए चयनित प्रगणन को ट्रेनिंग देंगे. जिला पदाधिकारी इसमें प्रधान जनगणना अधिकारी होंगे, जबकि अपर समाहर्ता जिला जनगणना अधिकारी और जिला सांख्यकी पदाधिकारी अपर जनगणना अधिकारी होंगे. सभी नगर आयुक्त, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, बीडीओ चार्ज जनगणना पदाधिकारी होंगे.

कहते हैं जिलाधिकारी

जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने बताया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन भर नहीं है, बल्कि यह भविष्य की योजनाओं की नींव है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज होने वाली जानकारियों की गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जायेगा और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी. यह पहली बार होगा जब जनगणना का कार्य सीएमएमएस के माध्यम से एलएलबीसी वेब पोर्टल पर डिजिटल रूप से संपन्न किया जायेगा.

विज्ञापन
ANIMESH KUMAR

लेखक के बारे में

By ANIMESH KUMAR

ANIMESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन