नौवागढ़ी बाजार में ट्रक ने 12 वर्षीय छात्रा को कुचला, परिजनों में मचा कोहराम

Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 15 May 2026 8:30 PM

विज्ञापन

वट सावित्री पूजा की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गयी, जब शुक्रवार की शाम राष्ट्रीय उच्च पथ-80 भीड़-भाड़ वाले नौवागढ़ी बाजार में एक अनियंत्रित ट्रक ने 12 वर्षीय मासूम छात्रा को कुचल दिया.

विज्ञापन

वट सावित्री की खरीदारी करने आई थी बालिका, मौत के बाद एनएच-80 जाम

मुंगेर. वट सावित्री पूजा की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गयी, जब शुक्रवार की शाम राष्ट्रीय उच्च पथ-80 भीड़-भाड़ वाले नौवागढ़ी बाजार में एक अनियंत्रित ट्रक ने 12 वर्षीय मासूम छात्रा को कुचल दिया. हादसे में बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केशोपुर निवासी प्रमोद कुमार पासवान की पुत्री प्रिया कुमारी के रूप में हुई. मौत से आक्रोशित लोगों ने एनएच-80 को नौवागढ़ी बाजार में जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया.

जानकारी के अनुसार प्रिया अपनी चाची कविता देवी के साथ वट सावित्री पूजा की सामग्री खरीदने बाजार आई थी. खरीदारी के बाद वह सड़क किनारे खड़ी होकर घर लौटने का इंतजार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक (बीआर-10-जीबी-1361) ने उसे रौंद दिया. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया और खरीदारी छोड़ कर लोग और दुकानदार घटना स्थल पर पहुंच गये. जब बच्ची को देखा तो वह मृत हो चुकी थी. उसका सर बुरी तरह कुचल गया था. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन

घटना की सूचना मिलते ही केशोपुर से परिजनों के साथ काफी संख्या में ग्रामीण नौवागढ़ी बाजार घटना स्थल पर पहुंच गये. आक्रोशित परिजनों ने आम लोगों का सहयोग लेकर सड़क जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया. आक्रोशित मुआवजा व आरोपी चालक की गिरफ्तारी के साथ ही नौवागढ़ी जैसे भीड़भाड़ ग्रामीण बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करते हुए वाहनों के तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग कर रहे थे. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर नया रामनगर व मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है.

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

सूचना मिलते ही मृतका की मां सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं पिता प्रमोद पासवान भी बेसुध हो गए. गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि प्रिया नौवागढ़ी हाई स्कूल की नौवीं कक्षा की छात्रा थी. वह पढ़ाई में तेज और व्यवहार में सरल थी.

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन