मोतिहारी: पताही प्रखंड में आउटडोर स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू, खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा लाभ

मोतिहारी: पताही प्रखंड में आउटडोर स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू, खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा लाभ
पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड में जल्द ही आउटडोर स्टेडियम का निर्माण होगा. मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत यह परियोजना शुरू हो गई है. यह स्टेडियम स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं प्रदान करेगा.
Motihari News: पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है. प्रखंड मुख्यालय स्थित सिंघेश्वर सेमिनरी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में जल्द ही आउटडोर स्टेडियम का निर्माण होगा. मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत इस परियोजना की प्रक्रिया शुरू हो गई है. विधानसभा में चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में खेल विभाग ने इसकी जानकारी दी है.
मुख्यमंत्री खेल योजना के तहत बनेगा स्टेडियम
विधानसभा में चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता ने पताही प्रखंड में आउटडोर स्टेडियम निर्माण की मांग उठाई थी. इसके जवाब में खेल विभाग के मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री खेल योजना के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में एक-एक आउटडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाना है. इसी योजना के तहत पताही को भी शामिल किया गया है.
जिला प्रशासन ने भेजा भूमि का प्रस्ताव
खेल विभाग के अनुसार, पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड में मौजा पताही जदू, थाना नंबर-205, खाता नंबर-230 और खेसरा नंबर-3361 की भूमि का प्रस्ताव जिला पदाधिकारी की ओर से उपलब्ध करा दिया गया है. अब इस प्रस्ताव के आधार पर बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड से तकनीकी रूप से अनुमोदित प्राक्कलन (Estimate) मांगा गया है.
प्राक्कलन मिलने के बाद मिलेगी प्रशासनिक स्वीकृति
विभाग ने बताया कि जैसे ही भवन निर्माण निगम से तकनीकी प्राक्कलन प्राप्त होगा, उसके बाद नियमानुसार प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इसके बाद स्टेडियम निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा.
खिलाड़ियों को मिलेगा आधुनिक खेल मैदान
विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पहले भी विधानसभा में पताही में स्टेडियम निर्माण की मांग उठाई थी. अब जिला प्रशासन की ओर से प्रस्ताव भेजा जा चुका है और विभागीय स्तर पर प्रक्रिया जारी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा. स्टेडियम बनने से प्रखंड के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकास कुमार
विकास कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










