पानी बहने को लेकर हुए खूनी संघर्ष के बाद छावनी में तब्दील हुआ गांव, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
जिहुली गांव में तैनात सुरक्षाबल | Prabhat Khabar Network
जिहुली गांव में पानी बहने को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात चाकूबाजी तक पहुंच गया. हमले में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है.
मोतिहारी पुलिस: पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में भैंस को नहलाने के दौरान पानी बहने को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार देर रात खूनी झड़प में बदल गया. चाकूबाजी की घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल है. मृतकों की पहचान मनिना खातून और जमिअहमद के रूप में हुई है. घटना के बाद जिहुली गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है.
पहले पानी बहने को लेकर हुआ था विवाद
बताया जाता है कि बुधवार को जिहुली गांव में भैंस को नहलाने के दौरान पानी बहने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया था. आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर उस समय दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत करा दिया.
हालांकि, देर रात दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया. इसी दौरान एक गुट के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर चाकू से हमला कर दिया. घटना में जमिअहमद, मनिना खातून समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मोतिहारी पहुंचते ही दोनों की मौत
चाकूबाजी के बाद परिजन तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने मनिना खातून और जमिअहमद की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया.
परिजन दोनों घायलों को लेकर मोतिहारी पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचते ही दोनों की मौत हो गई. वहीं, घटना में घायल तीसरे व्यक्ति का इलाज सीएचसी में चल रहा है.
दो लोगों की मौत की सूचना मिलते ही गांव में तनाव की स्थिति बन गई. इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी.
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अभिषेक कुमार और थानाध्यक्ष बबन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जिहुली गांव पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकूबाजी और हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
गांव में भारी पुलिस बल कर रहा कैंप

दो लोगों की मौत के बाद जिहुली गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. डीएसपी अभिषेक कुमार और थानाध्यक्ष बबन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव में कैंप कर रही है.
थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि जिहुली गांव में विवाद के बाद हुई चाकूबाजी में एक महिला समेत दो लोगों की मौत के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है. उन्होंने बताया कि गांव में फिलहाल शांति कायम है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए