नेपाल की बारिश से उफान पर सिकरहना समेत चार नदियां, बंजरिया में बाढ़ का खतरा बढ़ा

चैलाहां गुमटी से अजगरी भोला चौक जाने वाले मार्ग पर बहता बाढ़ का पानी
नेपाल में भारी बारिश के कारण पूर्वी चंपारण की नदियां उफान पर हैं. बंजरिया प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. सड़कों पर पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया है.
East Champaran News: नेपाल के तराई क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश का असर अब पूर्वी चंपारण में भी दिखने लगा है. सिकरहना, बंगरी, तिलावे और दुधौरा नदियां उफान पर हैं, जिससे बंजरिया प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही कई गांवों की कृषि भूमि में पानी फैलना शुरू हो गया है.
खेतों में फैलने लगा नदी का पानी
सिकरहना नदी के उफान के कारण सेमरा पंचायत के अंतर्गत आने वाले कई गांवों के सरेह में पानी भरने लगा है.
प्रभावित गांवों में कपरसंडी, भीष्वा, मोखलिसपुर, पचरूखा, ब्रह्मपुरी, अजगरी, सिसवानिया, जटवा, गोबरी, जनेरवा, मोहम्मदपुर और सिसवा समेत दर्जनों गांव शामिल हैं.
सड़क पर दो फीट पानी, आवागमन ठप
सोमवार सुबह से चैलाहां गुमटी से अजगरी भोला चौक जाने वाले मार्ग पर करीब दो फीट पानी का बहाव शुरू हो गया.
पानी भर जाने से इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो गया है. इसके कारण लोगों को पकड़िया चौक और अजगरी भोला चौक होकर वैकल्पिक रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है.
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचल प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ा दी है.
बंजरिया के अंचलाधिकारी (सीओ) कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि नदी के जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर है. आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों में चिंता बढ़ गई है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










