मोतिहारी में नशा मुक्त भारत अभियान की जिला स्तरीय प्रतियोगिता, युवाओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

Updated:
विज्ञापन
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता टीम को पुरस्कार देते डीएम सौरभ सुमन यादव | Prabhat Khabar Network

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता टीम को पुरस्कार देते डीएम सौरभ सुमन यादव

मोतिहारी में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। युवाओं ने विभिन्न कलाओं के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

विज्ञापन

Motihari News: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत तथा जिला प्रशासन, पूर्वी चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. राजा बाजार स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा क्लबों एवं संस्थानों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था.

विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम में वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, स्लैम पोएट्री, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, नृत्य एवं वोकल म्यूजिक जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया.

दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी, जिला युवा पदाधिकारी सुश्री अंकिता तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी फहद सिद्दीकी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. साथ ही नशा मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.

इन प्रतिभागियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों में वाद-विवाद में रितिक राज, स्लोगन लेखन में खुशी कुमारी, स्लैम पोएट्री में विकास वर्मा और पेंटिंग में सुमित वर्मा शामिल रहे.

नुक्कड़ नाटक में आरडीपीसी रामगढ़वा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं नृत्य में रेशमा देवी स्कूल और वोकल म्यूजिक में एमजेके गर्ल्स, मोतिहारी की प्रतिभागी टीम प्रथम रही.

डीएम ने विजेताओं को किया सम्मानित

समापन समारोह में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जनआंदोलन है. इसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है.

डीएम ने कहा कि रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनाया जा सकता है. उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन और प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता

कार्यक्रम के अंत में बताया गया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे. अधिकारियों ने सभी विजेताओं को राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.

आयोजन में अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीएम के निर्देशन में आईएएस प्रोबेशनर राज कृष्ण झा, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी, माय भारत जिला युवा पदाधिकारी सुश्री अंकिता, माय भारत जिला अकाउंटेंट रानू कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी फहद सिद्दीकी सहित अन्य अधिकारियों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

यह भी पढ़ें: योगापट्टी में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की मौत, युवक गंभीर


विज्ञापन
Intejarul Haq

लेखक के बारे में

By Intejarul Haq

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन