मोतिहारी: सुअरों के आतंक से परेशान शहर, जांच में निगम के 7 कर्मचारी ही निकले पालक
नगर आयुक्त आशीष कुमार
मोतिहारी की सड़कों पर सुअरों के बढ़ते आतंक और गंदगी से स्थानीय लोग परेशान थे. नगर निगम प्रशासन ने जब कार्रवाई की तो जांच में निगम के सात कर्मचारियों समेत आठ लोगों को सुअर पालते पाया गया. अब इन पर लगाम लगाने की तैयारी है.
Motihari News: मोतिहारी. शहरी क्षेत्र में सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सुअरों के बढ़ते विचरण से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. सुअरों के कारण बढ़ रही गंदगी और संक्रमण के खतरे को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सुअर पालकों को चिन्हित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया जांच में नगर निगम के सात कर्मचारियों समेत कुल आठ लोगों के शहरी क्षेत्र में सुअर पालने की जानकारी सामने आयी है.
आपके शहर में
Motihari Nagar Nigam News: जांच में निगम के सात कर्मचारी ही निकले सुअर पालक
शहर को गंदगी से मुक्त कराने और सुअरों के खुले में विचरण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सुअर पालकों का सर्वे शुरू किया है. इसी क्रम में की गयी जांच में नगर निगम के सात कर्मचारियों को सुअर पालन में संलिप्त पाया गया है. इसके अलावा एक आम नागरिक की भी पहचान की गयी है, जो शहरी सीमा के भीतर सुअर पाल रहा है.
नगर निगम के अपने कर्मचारियों के ही नियमों का उल्लंघन करने की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है.
शहर में सुअरों के खुले विचरण पर लगेगी रोक
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सुअरों के घूमने से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ गंदगी भी फैल रही है. स्थानीय लोग लंबे समय से इस समस्या को लेकर प्रशासन से शिकायत कर रहे थे.
नगर निगम अब चिन्हित सुअर पालकों को निर्देश देगा कि वे अपने सुअरों को खुले में नहीं छोड़ें और उन्हें निजी परिसर में बांधकर रखें.
नगरपालिका अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी
नगर आयुक्त आशीष कुमार ने बताया कि चिन्हित किए गए सभी सुअर पालकों को नगर निगम की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है. उन्हें तत्काल अपने सुअरों को शहर में खुला छोड़ने के बजाय निजी बाड़े में रखने का निर्देश दिया जाएगा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके बाद भी यदि सुअर शहर की सड़कों या रिहायशी इलाकों में घूमते पाए गए, तो नगर निगम की टीम विशेष अभियान चलाकर उन्हें पकड़ने की कार्रवाई करेगी. पकड़े गए सुअरों को शहर की सीमा से बाहर भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें: सस्ता नारियल पानी देने का झांसा, कारोबारी से साइबर अपराधियों ने ठगे 2.10 लाख रुपये
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए