Motihari News: रक्सौल बॉर्डर पर धराया विदेशी नागरिक: वीजा खत्म होने के बाद भी भारत में अवैध रूप से रह रहा था

रक्सौल बॉर्डर पर धराया विदेशी नागरिक
Motihari News:रक्सौल बॉर्डर पर पुलिस और आव्रजन विभाग ने सोमालियाई नागरिक मोहम्मद अहमद फराह को गिरफ्तार किया है. मेडिकल वीजा खत्म होने के बाद भी वह चार महीने से भारत में अवैध रूप से रह रहा था और अब नेपाल भागने की फिराक में था. पढ़ें पूरी खबर…
Motihari News:भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है.रक्सौल बॉर्डर के रास्ते अवैध तरीके से नेपाल में घुसने की कोशिश कर रहे सोमालिया के एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. आव्रजन विभाग (ImmigrationDepartment) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी तब हुई, जब आरोपी चोरी-छिपे सीमा पार करने की फिराक में था.
हैदराबाद में छिपा था आरोपी, नेपाल भागने की थी योजना
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अहमद फराह के रूप में हुई है. जांच में पता चला है कि फराह इलाज के लिए मेडिकल वीजा पर भारत आया था. हालांकि, उसका वीजा करीब चार महीने पहले ही समाप्त हो चुका था. वीजा खत्म होने के बाद भी वह अवैध रूप से हैदराबाद में रह रहा था. जब उसे लगा कि वह पकड़ा जा सकता है, तो उसने भारत-नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर नेपाल भागने का प्लान बनाया.
मैत्री पुल के पास सुरक्षा घेरे में फंसा
रक्सौल के एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि रक्सौल कस्टम के पास स्थित मैत्री पुल के समीप आव्रजन विभाग की टीम को उस पर संदेह हुआ. पूछताछ और दस्तावेजों की बारीकी से जांच करने पर पता चला कि उसके पास वैध वीजा नहीं है. अनियमितताएं पाए जाने के बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया.
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां
इस मामले में हरैया थाना में विदेशी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है. कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अब सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहनता से जांच कर रही हैं कि आरोपी का नेपाल जाने का असली मकसद क्या था और क्या उसके तार किसी अंतरराष्ट्रीय आपराधिक या आतंकी नेटवर्क से जुड़ेहैं. इस घटना के बाद सीमा पर चौकसी और बढ़ा दी गई है.
रक्सौल पूर्वी चंपारण से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










