Motihari News: अब सरकारी योजनाओं के लिए नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर, आपके प्रखंड में लग रहा है विशेष शिविर
सहयोग शिविर (AI जेनरेटेड)
Motihari News: पूर्वी चंपारण के सभी 27 प्रखंडों में 18 जून तक प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर आयोजित किया जा रहा है. यहां आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान निधि, पेंशन, आवास योजना समेत कई सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही जगह मिलेगा. पढे़ं पूरी खबर…
मोतिहारी से इन्तेजारुल हक की रिपोर्ट
Motihari News: पूर्वी चंपारण के लोगों को अब आयुष्मान कार्ड बनवाने, पेंशन के लिए आवेदन करने या फिर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. जिला प्रशासन ने आम लोगों की सुविधा के लिए सभी 27 प्रखंडों में तीन दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर आयोजित करने का फैसला किया है. इस शिविर में एक ही जगह पर कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है. पंचायत स्तर पर पहले से चल रहे सहयोग शिविरों के साथ-साथ अब प्रखंड स्तर पर भी विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं.
18 जून तक सभी प्रखंडों में चलेगा विशेष शिविर
सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने 16 जून से 18 जून तक जिले के सभी 27 प्रखंडों में प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है. अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि इस संबंध में सभी अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित होने वाले सहयोग शिविर भी पूर्ववत जारी रहेंगे, जबकि प्रखंड स्तर पर लगाए जाने वाले विशेष शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
इन योजनाओं का मिलेगा लाभ
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजना, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बीओसीडब्ल्यू) तथा मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध रहेगी.
हर योजना के लिए अलग काउंटर
शिविर में प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं. संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहेंगे, जो आवेदन प्रक्रिया में सहायता करने के साथ-साथ योजनाओं की जानकारी भी देंगे.
प्रशासन का उद्देश्य है कि लाभुकों को बिना किसी परेशानी के योजनाओं का लाभ मिल सके और आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया जा सके.
प्रखंडों के लिए नियुक्त किए गए वरीय अधिकारी
शिविरों की निगरानी और बेहतर संचालन के लिए सभी 27 प्रखंडों में वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. संबंधित अधिकारी अपने-अपने प्रखंडों में शिविर की व्यवस्था, योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभुकों की समस्याओं के समाधान की निगरानी करेंगे.
इसके अलावा प्रत्येक दिन शिविर समाप्त होने के बाद संबंधित बीडीओ को शाम सात बजे तक गूगल फॉर्म के माध्यम से प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से हजारों लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी और विभिन्न सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध हो सकेंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










