बनकटवा में खाद तस्करी और नकली डीएपी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2000 बोरी उर्वरक जब्त

छापेमारी के दौरान बरामद उर्वरक, छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
पूर्वी चंपारण जिले में आधी रात को हुई बड़ी कार्रवाई में 2000 बोरी अवैध यूरिया और खाद जब्त की गई है. साथ ही, एक नकली DAP बनाने वाली फैक्ट्री का भी पर्दाफाश हुआ है.
Motihari Fertilizer Raid: पूर्वी चम्पारण जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में यूरिया और खाद की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. 06 जुलाई 2026 की रात बनकटवा प्रखंड में एसएसबी (SSB),स्थानीय पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने महाछापेमारी की. इस दौरान तस्करी के लिए छिपाकर रखी गई 2000 बैग अवैध उर्वरक बरामद की गई है .इसके साथ ही अगरवा गांव में चल रही एक अवैध नकली DAP बनाने वाली फैक्ट्री का भी पर्दाफाश हुआ है.
आधी रात को चार गांवों में एक साथ छापेमारी
जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली. इसके बाद एसएसबी की 71वीं बटालियन,स्थानीय पुलिस प्रशासन और कृषि विभाग की टीम ने रात के अंधेरे में बनकटवा प्रखंड के चार प्रमुख गांवों बड़हरवा,रेगनिया,आठमोहन और बीजबनी में एक साथ दबिश दी. इन जगहों से तस्करी के इरादे से स्टॉक की गई लगभग 2000 बोरी खाद को तुरंत जब्त कर लिया गया.
इन कालाबाजारियों पर दर्ज हो रही है FIR
खाद की अवैध जमाखोरी और तस्करी के मामले में संलिप्त मुख्य आरोपियों जावेद अंसारी, विश्वनाथ राय, सिकंदर राय, सिखु राय और सुधीर राय के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. दूसरी ओर अगरवा गांव में चल रही नकली डीएपी फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने मुख्य सरगना प्रमोद राय और मदन राय के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पूर्व में नपे 14 डिस्ट्रीब्यूटर्स और खाद दुकानें
क्षेत्र में उर्वरक माफियाओं का नेटवर्क तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. इससे पहले भी बनकटवा के मे0 जावेद खाद भंडार,मे0 मदन खाद भंडार,आदापुर के मे0 गुप्ता स्टोर्स,छौड़ादानों के मे0 जय माता दी ट्रेडर्स और घोड़ासहन के मे0 ओम साई कृषि सेवा केंद्र समेत 14 खाद दुकानों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें ब्लैकलिस्टेड किया जा चुका है. जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










