विश्वप्रसिद्ध गढ़ी माई मंदिर में चोरी, देवी के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए चोर

Updated:
विज्ञापन
विश्वप्रसिद्ध गढ़ीमाई मंदिर में चोरी, देवी के स्वर्ण-रजत आभूषण ले उड़े चोर

नेपाल के गढ़ी माई मंदिर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर देवी की प्रतिमा से बहुमूल्य गहने लूट लिए. इस घटना से मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में गहरा रोष व्याप्त है.

विज्ञापन

रक्सौल से आदित्य की रिपोर्ट

रक्सौल: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बारा जिले में स्थित विश्वप्रसिद्ध गढ़ी माई मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर देवी गढ़ी माई की प्रतिमा पर सजे सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटना के बाद मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

ताला तोड़कर मंदिर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, बारा जिले के महागढ़ीमाई नगरपालिका-1 स्थित गढ़ीमाई मंदिर में देर रात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया. मंदिर के मुख्य पुजारी शिव चौधरी ने बताया कि चोर देवी की प्रतिमा पर चढ़े बहुमूल्य आभूषण लेकर फरार हो गए.

सोने-चांदी के कई आभूषण चोरी

मुख्य पुजारी के अनुसार, चोरी हुए आभूषणों में एक चांदी का मुकुट, सोने की परत चढ़ा चांदी का हार, एक सोने की तिलहरी और एक सोने की सिकड़ी शामिल है. उन्होंने बताया कि रात में भोजन के लिए घर जाने के बाद वह तड़के करीब तीन बजे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे. इस दौरान मंदिर का ताला टूटा मिला और देवी के आभूषण गायब थे.

मंदिर प्रबंधन और पुलिस को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही पुजारी ने तत्काल गढ़ी माई मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामचंद्र साह को सूचित किया. इसके बाद स्थानीय पुलिस को भी चोरी की सूचना दी गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए.

श्रद्धालुओं में नाराजगी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

पुलिस का कहना है कि चोरी में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास के साक्ष्य और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. वहीं विश्वप्रसिद्ध गढ़ी माई मंदिर में हुई इस घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है. स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन